मनेंद्र पटेल, दुर्ग। जिले में एक बार फिर धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों महिलाएं एक कामकाजी महिला के घर पहुंचकर उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए आर्थिक सहायता, बीमारी ठीक कराने और बेहतर इलाज का प्रलोभन दे रही थीं। शिकायत मिलने के बाद पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है।

दरअसल, भिलाई-3 के पदुम नगर की रहने वाली रूखमणी पाण्डेय ने लिखित में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि वे घरेलू कार्य और खाना बनाने का काम करती हैं। 25 जनवरी को दो अज्ञात महिलाएं उनके घर आईं और धर्म परिवर्तन करने पर बीमारी ठीक होने तथा आर्थिक मदद मिलने का लालच दिया। जब उन्होंने सहमति नहीं दी तो महिलाएं वहां से चली गईं।

इसके बाद 1 फरवरी को वही महिलाएं फिर उनके घर पहुंचीं और ईसाई धर्म अपनाने, बाइबिल पढ़ने, इलाज कराने, आर्थिक सहायता देने और बेटी की शादी में सहयोग का प्रस्ताव रखा। इस बार प्रार्थिया और उनके परिजनों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद रूखमणी सीधे थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में साक्ष्यों के आधार पर विवेचना की, तो शिकायत सही पाई गई। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 04 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने खुर्सीपार की रहने वाली सारिका डाडिंगे और कुम्हारी की रहने वाली प्रियंका साईमन को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।