मध्यप्रदेश में बीती रात बेमौसम आफत की बारिश और ओलावृष्टि हुई है। अचानक हुई बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। प्रदेश के कई जिलों के किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
आकाश श्रीवास्तव, नीमच। जिले में कल हुई ओलावृष्टि और बारिश ने जिले के किसानों को नुकसान हुआ है। सबसे अधिक मार ‘काले सोने’ यानी अफीम की फसल पर पड़ी है। क्षेत्र के 10 गांवों के किसान सड़कों पर उतरे हैं। जिसमें भंवरासा, कचोली, खेताखेड़ा, केलुखेड़ा, बामनिया, पालसोड़ा, पिपलियाव्यास, मेलकी मेवाड़, विशन्या और दिपुखेड़ी में प्रकृति ने ऐसा तांडव मचाया कि अफीम, चना, गेहूं, चिया, जौ, लहसुन, प्याज, सरसों, मेथी, अलसी, मसूर और किनवा जैसी फसलें देखते ही देखते बर्बाद हो गईं। किसानों का कहना है कि नुकसान इतना व्यापक है कि खेतों में अब कुछ भी शेष नहीं बचा है और फसलें शत-प्रतिशत बर्बाद हो चुकी हैं।
आश्वासन के बाद चक्काजाम खोला गया
आक्रोशित किसानों ने आज महू-नसीराबाद हाईवे पर भंवरासा फाटे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे से हाईवे पर वाहनों के पहिए थमे रहे और किसानों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने बिना कागजी सर्वे के तुरंत उचित मुआवजा और बीमा राशि स्वीकृत करने की मांग की। मौके पर एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, अपर कलेक्टर बीएस कलेश, सीएसपी किरण चौहान, जीरन थाना प्रभारी, नीमच सिटी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। उचित कार्यवाही के आश्वासन के बाद करीब 1 घंटे के बाद चक्का जाम खोला गया है।

बिजली नहीं मिलने से गेहूं की फसल खराब
शुभम जायसवाल, राजगढ़। जिले के किसानों ने राजगढ़ ब्यावरा हाइवे पर चक्काजाम कर दिया। बिजली नहीं मिलने से किसानों के गेहूं की फसल खराब होने की स्थिति में पहुंच गई है। किसानों ने हिरणखेड़ी ग्रिड के सामने जाम लगाकर स्टाफ को बदलने की मांग की। एक घंटे के बाद किसानों को समझाने अधिकारी पहुंचे। किसानों के समर्थन में पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर भी बैठे थे।

राजस्व विभाग की टीमें किसानों के खेतों पर पहुंची
बलवंत भट्ट, मंदसौर। कल हुई बारिश और ओलावृष्टि के नुकसान का जायजा लेने खेतों में अधिकारी पहुंचे। मल्हारगढ़ क्षेत्र के कुछ गांवों में कल और बीती रात बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा के निर्देश के बाद एसडीएम सहित राजस्व विभाग की अलग – अलग टीमें किसानों के खेतों पर पहुंची। भाजपा जिलाध्यक्ष सहित कई कांग्रेसी नेता भी खेतों में पहुंचे। अधिकारी अफीम गेहूं सहित अन्य फसलों में हुई नुकसानी का जायजा लेकर रिपोर्ट जिला प्रशासन को पेश करेंगे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


