पटना। शहर में UGC के नए नियम लागू करने की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पटना कॉलेज से गांधी मैदान तक मार्च निकाल रहे छात्रों को पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास रोक दिया। यहां पहले से बैरिकेडिंग की गई थी। प्रदर्शनकारी छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करने लगे और कुछ ही देर में उसे तोड़कर आगे बढ़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भारी बल तैनात किया और वाटर कैनन मंगाई। एहतियातन इलाके में वाहनों की आवाजाही भी रोक दी गई।

छात्र नेताओं का तेवर

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता मनीष यादव ने कहा, मैं सर पर कफन बांधकर निकला हूं। सरकार को नए नियम लागू करने ही होंगे, हम पीछे नहीं हटेंगे।

सुप्रीम कोर्ट की रोक बना मुद्दा

गौरतलब है कि 29 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में भेदभाव रोकने के उद्देश्य से बनाए गए UGC के नए नियमों पर रोक लगा दी थी। कोर्ट ने टिप्पणी की थी कि नियमों के प्रावधान स्पष्ट नहीं हैं और इनके दुरुपयोग की आशंका है। 2012 के नियमों में संशोधन के बाद 13 जनवरी 2026 को यह अधिसूचना जारी की गई थी।

छात्रों के आरोप

प्रदर्शन में शामिल छात्रों ने कैंपस में जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए। अभिषेक यादव ने कहा कि कॉलेजों में अब भी जाति के आधार पर भेदभाव होता है। वहीं अमन कुमार पासवान ने दावा किया कि कुछ शिक्षकों द्वारा अपमानजनक टिप्पणियां की जाती हैं, जिससे छात्रों पर मानसिक दबाव बढ़ता है।