रोहतास/अविनाश श्रीवास्तव। सासाराम। दिल्ली-कोलकाता हाईवे (एनएच 19) पर बीते दो दिनों से लगा महाजाम अब वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन गया है। रोहतास जिले में जाम की स्थिति इतनी भयावह है कि एनएच पर दोनों तरफ लगभग 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं और भीषण जाम में फंसे ट्रक ड्राइवर और यात्री पिछले 48 घंटों से भूखे-प्यासे बेहाल हैं। दरअसल एनएच पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम से गए हैं और चंद किलोमीटर की दूरी तय करने में भी घंटों का वक्त लग रहा है।
वाहन चालक व यात्री भूखे प्यासे बेहाल
हाइवे पर सुबह 5 बजे से फंसे ट्रक चालक लखन का कहना है कि जाम की स्थिति काफी भयावह है और आसपास भोजन व पानी की सुविधा न होने के कारण परेशानी हो रही है। वहीं बनारस से विदेशी पर्यटकों को लेकर गयाजी जा रहे एक चालक ने बताया कि वे पर्यटकों को बराबर की पहाड़ियां घूमाने के लिए गयाजी लेकर जा रहे हैं, लेकिन जाम के कारण आधा दिन गुजर गया। अब उन्हें घूमने के लिए अगले दिन का इंतजार करना पड़ेगा। इस दौरान अन्य ट्रक चालकों एवं यात्रियों ने भी प्रशासन और निर्माण कंपनियों के प्रति रोष व्यक्त किया। उनका आरोप है कि एनएच पर जाम की समस्या नियति बन चुकी है, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि उनकी जान पर भी बन आती है।
परीक्षार्थियों को भी हो रही परेशानी
वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा के परीक्षार्थियों को भी एनएच पर जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थी देर से पहुंचे, जिन्हें परीक्षा से वंचित होना पड़ा और इसके लिए उन्होंने सड़क जाम की समस्या को हीं जिम्मेदार बताया।
सोन नदी के पुल में आई खराबी
आमतौर पर एनएच 19 पर जाम के लिए सिक्स लेन निर्माण कंपनी या शिवसागर स्थित टोल प्लाजा को जिम्मेदार ठहराया जाता है, लेकिन इस बार मामला सोन नदी पर वर्ष 2004 के आसपास बने नए पुल में आई तकनीकी खराबी से जुड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सोन नदी पर बने नए पुल के एक्सपेंशन जॉइंट में खराबी आ गई है। जिसको लेकर सोन नदी के एक पुल को सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया है और दूसरे पुल से परिचालन धीमा होने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
एनएचएआई का आश्वासन
मामले में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रंजीत कुमार वर्मा का कहना है कि सोन नदी पर बने पुल के एक्सपेंशन जॉइंट में आई खराबी के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हुई है। हालांकि सोन नदी पर बने पुराने पुल से वाहनों का परिचालन हो रहा है, लेकिन वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण जाम की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि मरम्मती कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है और मंगलवार तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद जाम की समस्या से पूरी तरह निजात मिल जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


