पुरषोत्तम पात्र, गरियाबंद। जिले के दुतकैया गांव में हुई हिंसक घटना को लेकर हिंदू संगठनों ने राजिम विश्राम गृह में प्रेस वार्ता की। विहिप के जिला अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर और बजरंग दल जिला संयोजक ने घटनास्थल के जायजा लेकर लौटने और ग्रामीणों से मिली पुख्ता जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि उक्त गांव में कुछ वर्ग के लोग ग्रामीणों को लगातार प्रताड़ित करते आ रहे थे। गांव के गौठान और श्मशान के अलावा कई सार्वजनिक उपयोग के भूखंडों पर उनका कब्जा है। विरोध करने वाले के साथ गाली-गलौज और धमकी आम बात थी।

CG NEWS: दुतकैय्या में भारी तनाव के बाद स्थिति नियंत्रण में, मुख्य आरोपी आरिफ खान समेत 3 गिरफ्तार; SP की शांति बनाए रखने की अपील

बताया गया कि इस गांव में कुछ आदतन अपराधी लंबे समय से हैं, जिन पर हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट, बलात्कार, धोखाधड़ी के कई मामले प्रदेश के कई थानों में दर्ज हैं। विहिप के नेताओं ने प्रशासन पर संरक्षण का आरोप लगाया है। कलेक्टर के नाम एडीएम विशाल महाराणा को एक ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें बिंदुवार मामले का जिक्र करते हुए सूक्ष्मता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई है।

कुंभ के शुभारंभ के दिन ही वारदात को अंजाम क्यों दिया ?

विहिप नेताओं ने कहा कि सांप्रदायिक मामले के आरोपी रहे आरिफ 15 दिन पहले ही जमानत पर छूटकर आया था। गांव रात-रात को आता था और सुबह चला जाता था। मेला शुरू होने से पहले निगरानी बदमाशों की पुलिस ने परेड लगाई थी ताकि मेले के दरम्यान कोई वारदात न हो, पर आरिफ पुलिस की नजरों से चूक गया था। रायपुर में रहकर उसने कुंभ मेले को अस्थिर करने की कोई बड़ी साजिश रचने की आशंका विहिप नेताओं ने जाहिर की है। उन्होंने कहा कि आरिफ के साथ 1 फरवरी को सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच दो घंटे में 4 अलग-अलग स्थानों पर 8 से ज्यादा लोगों के साथ मारपीट और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दिया गया। इसके बाद वह रायपुर भाग गया। कानूनी कार्यवाही के डर से गुजर चुका आरोपी आखिर एक ही दिन में, कुंभ की शुरुआत के दिन ऐसा करता है, तो उसके पीछे क्या मकसद हो सकता है। नेताओं ने इस बिंदु पर भी जांच करने का आग्रह किया है।

पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपी आरिफ खान, सलीम खान और इमरान सिद्दीकी का खुलासा किया है। आरोपियों के विरुद्ध पीड़ित ग्रामीणों की शिकायतों पर राजिम थाने में चार अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। एसपी वेदव्रत सिरमौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर उक्त जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही रविवार को 3 से 3:30 बजे के बीच अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।