वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से इस वक्त एक बड़ी और अहम खबर सामने आ रही है, जहां महिला सम्मान से जुड़े एक गंभीर मामले में नालंदा पुलिस ने सख्त और त्वरित कार्रवाई कर एक मिसाल पेश की है। दरअसल थरथरी थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ थरथरी थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिंघानिया द्वारा बाल पकड़कर खींचते हुए मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। यह वीडियो सामने आने के बाद मीडिया कर्मियों ने मामले को प्रमुखता से उजागर किया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नालंदा पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए। जांच में कर्तव्य के स्तर पर गंभीर लापरवाही और अमर्यादित आचरण सामने आने के बाद थरथरी थाना अध्यक्ष संजय कुमार सिंघानिया को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

इस तत्काल और संवेदनशील कार्रवाई को लेकर पूरे नालंदा जिले में सकारात्मक संदेश गया है। जिलेवासियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से आम जनता का भरोसा पुलिस प्रशासन पर और मजबूत होता है। वहीं, थरथरी जिला परिषद सदस्य अमित कुमार उर्फ तरुण यादव ने इस कार्रवाई को लेकर जिला प्रशासन और मीडिया कर्मियों की खुलकर सराहना की है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार पर इस तरह की त्वरित कार्रवाई बेहद सराहनीय है। जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि महिलाओं पर हो रहे किसी भी प्रकार के अत्याचार या अमानवीय व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस पूरे मामले ने यह साफ संदेश दे दिया है कि नालंदा में कानून से ऊपर कोई नहीं, चाहे वह वर्दी में ही क्यों न हो।
महिला सम्मान से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई तय है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: छपरा में इंजीनियर की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी, परिजनों ने जताई ये आशंका