भागलपुर। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने केंद्रीय बजट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए बजट में बिहार की प्रमुख मांगों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है, जो राज्य के साथ अन्याय के समान है।

प्री-बजट बैठक की मांगों का जिक्र

अरुण यादव ने बताया कि प्री-बजट बैठक में बिहार के वित्तमंत्री बिजेंद्र यादव ने राज्य की जरूरतों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे थे। इनमें औद्योगिक विकास के लिए विशेष सहायता, बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए राहत पैकेज और उत्तर बिहार में कोसी, गंडक व बागमती नदियों से होने वाली तबाही को रोकने के लिए आपदा प्रतिरोधी पैकेज की मांग शामिल थी। साथ ही, सेस और सरचार्ज में राज्यों की हिस्सेदारी बढ़ाने की भी बात उठाई गई थी।

विकसित भारत पर सवाल

राजद प्रवक्ता ने कहा कि नीति आयोग और आर्थिक सर्वेक्षण के आंकड़े बताते हैं कि बिहार अब भी पिछड़े राज्यों में गिना जाता है। ऐसे में बिहार को मजबूत किए बिना विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा रहेगा। उन्होंने सवाल किया कि राज्य और केंद्र में डबल इंजन सरकार होने के बावजूद बिहार को अपेक्षित लाभ क्यों नहीं मिल रहा।

यादव ने दोहराया कि राजद बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और विशेष पैकेज दिलाने की मांग को सड़क से सदन तक उठाता रहेगा।