गुरुग्राम के सेक्टर-69 स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में 14वीं मंजिल से गिरकर 13 साल के एक बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान आरव के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस के मुताबिक, आरव घटनास्थल वाली सोसाइटी में नहीं रहता था। वह यहां से करीब ढाई किलोमीटर दूर सेक्टर-70A स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी का रहने वाला था। वह ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में किससे मिलने आया था और घटना के वक्त वहां कैसे पहुंचा, इस बात की भी जांच की जा रही है।
रविवार शाम करीब 4 बजकर 20 मिनट पर 14वीं मंजिल से गिरकर 13 साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान आरव के रूप में हुई है, जो अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। जानकारी के अनुसार, आरव सेक्टर-70A स्थित बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन सोसाइटी की पहली मंजिल पर रहता था। रविवार शाम करीब 4 बजे वह अपनी सोसाइटी से बाहर निकला था। कुछ ही देर में वह करीब ढाई किलोमीटर दूर स्थित ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि सोसाइटी में प्रवेश करने के बाद आरव टावर नंबर B-11 की लिफ्ट में गया। लिफ्ट से वह सीधे छत (टेर्रेस) पर पहुंचा। इसके बाद अचानक नीचे कुछ गिरने की तेज आवाज आई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि एक बच्चा जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ है।सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत RWA पदाधिकारियों को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई गई। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बच्चा इस सोसाइटी का निवासी नहीं था।
बाद में परिजनों को सूचना दी गई, जिन्होंने मृतक की पहचान आरव के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। आरव का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और सोसाइटी के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह लिफ्ट से छत तक कैसे पहुंचा और घटना के पीछे कोई अन्य वजह तो नहीं है।
आरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता अतुल सक्सेना एक निजी टेलीकॉम कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि मां चैतन्य टेक्नो स्कूल में शिक्षिका हैं। आरव सेंट एंजेल स्कूल में पढ़ता था और उसकी मौसी की बेटी भी उसी स्कूल में उसके साथ पढ़ती थी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, घटना के समय आरव के माता-पिता फ्लैट में ही मौजूद थे। रविवार शाम करीब 4 बजे आरव घर से निकला, जिसे देखकर परिजनों ने यही समझा कि वह नीचे खेलने जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि आरव अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर निकला था।
बीपीटीपी एस्टेयर गार्डन के एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, फुटेज में साफ दिखता है कि आरव सोसाइटी के गेट से निकलते समय कई बार पीछे की ओर देखता है। यही नहीं, ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में प्रवेश से पहले भी वह एक बार फिर पीछे मुड़कर देखता नजर आता है। इस व्यवहार को लेकर पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किसी डर, दबाव या असमंजस की स्थिति में था या नहीं।
जांच में यह भी सामने आया है कि ट्यूलिप वॉलेट (ऑरेंज टॉवर) सोसाइटी में छत पर जाने का रास्ता खुला हुआ था। दरअसल, अक्टूबर 2018 में इसी सोसाइटी के एक फ्लैट में आग लगने की घटना हुई थी, जिसमें एक महिला की दम घुटने से मौत हो गई थी। उस घटना के बाद एहतियात के तौर पर छत पर जाने के लिए लगाए गए दरवाजों को खोल दिया गया था, ताकि आपात स्थिति में लोगों को बाहर निकलने में दिक्कत न हो।
पुलिस इसी पहलू को भी गंभीरता से जांच रही है कि छत तक पहुंच आसान होने की वजह से ही आरव वहां तक पहुंच सका। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई और क्या किसी को इस बारे में जानकारी थी कि एक बाहरी बच्चा सोसाइटी के भीतर और फिर छत तक पहुंच गया।
पिता बोले, आत्महत्या की यह घटना नहीं
13 वर्षीय आरव सक्सेना की मौत को लेकर उसके पिता अतुल सक्सेना ने इसे एक अनसुलझी पहेली बताया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनका बेटा न तो तनाव में था और न ही किसी तरह की परेशानी में। अतुल सक्सेना ने बताया कि रविवार दोपहर आरव ने ठीक से खाना खाया था। इसके बाद वह रोज़ की तरह नीचे खेलने चला गया। “शाम करीब 6 बजे जब हम टहलने के लिए नीचे उतरे तो आरव कहीं दिखाई नहीं दिया। पहले लगा आसपास ही होगा, लेकिन काफी देर तलाशने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तब हमने CCTV फुटेज देखी,” उन्होंने कहा। सीसीटीवी फुटेज में आरव सोसाइटी से बाहर जाता हुआ दिखा, जिसके बाद परिजनों की चिंता और बढ़ गई। कुछ ही समय बाद उन्हें दूसरी सोसाइटी में बच्चे के गिरने की सूचना मिली, जहां पहुंचने पर आरव की पहचान हुई।
पिता ने बताया कि आरव मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करता था। “उसके मोबाइल में कोई गेमिंग ऐप नहीं है। वह जब भी मोबाइल देखता था, हमारे सामने ही देखता था। ज़्यादातर यूट्यूब पर कॉमेडी सीरियल देखता था,” उन्होंने कहा। आरव का मोबाइल फोन पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया गया है। अतुल सक्सेना ने भावुक होते हुए कहा, “आरव बिल्कुल परेशान नहीं था। पढ़ाई-लिखाई में बहुत अच्छा था। वह खुशमिजाज बच्चा था। हमें पूरा भरोसा है कि यह आत्महत्या नहीं है।”
2 साल पहले मौसी रहती थीं इस सोसाइटी में
जांच में सामने आया है कि आरव की मौसी, नाना और नानी करीब दो साल पहले ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी में रहते थे, लेकिन बाद में वे पास की ट्यूलिप व्हाइट सोसाइटी में शिफ्ट हो गए थे। इसी कड़ी में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरव अचानक ट्यूलिप वॉलेट सोसाइटी क्यों गया। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या वह अपने रिश्तेदारों से जुड़ी किसी याद या पहचान के चलते वहां पहुंचा, या फिर किसी ने उसे वहां बुलाया था।
RWA जागरूकता अभियान चलाएगी
सोसाइटी की आरडब्ल्यूए प्रधान पूजा आनंद ने बताया कि वे जल्द ही जागरूकता अभियान चलाएंगी। उनका कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों के सच्चे दोस्त बनें, उन्हें केवल डांटने के बजाय प्यार और समझदारी से मार्गदर्शन करें। उन्होंने यह भी कहा कि माता-पिता को बच्चों के मोबाइल फोन और डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए, यह देखना चाहिए कि वे किससे बात कर रहे हैं और क्या देख रहे हैं।
वहीं, पुलिस भी मामले की जांच में पूरी तरह जुटी हुई है। अशोक तंवर, जांच अधिकारी, थाना बादशाहपुर ने बताया “बच्चे की मौत मामले की जांच की जा रही है। उसके मोबाइल को जब्त कर लिया गया है। दोनों सोसाइटी से CCTV फुटेज लिए जा चुके हैं और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है।” पुलिस ने कहा कि हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह हादसा था, आत्महत्या का मामला या किसी अन्य परिस्थिति का परिणाम।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


