मुजफ्फरपुर। शहर में भ्रष्टाचार का एक मामला सामने आया है। राजस्व भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) पश्चिमी के न्यायालय में कार्यरत एक कर्मचारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और एसडीओ पश्चिमी आकांक्षा आनंद ने तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए।

केस नंबर और नोटिस के लिए मांगे गए पैसे

जानकारी के मुताबिक, डीसीएलआर पश्चिमी कार्यालय में तैनात क्लर्क राकेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने एक लंबित प्रकरण में केस नंबर देने और नोटिस जारी करने के बदले पैसे की मांग की। आरोप यह भी है कि बिना ‘सुविधा शुल्क’ के काम आगे नहीं बढ़ाने की बात कही गई। बताया जा रहा है कि एक वकील को अपना कार्य पूरा कराने के लिए रकम देनी पड़ी।

चोरी-छिपे बनाया गया वीडियो

रिश्वत के इस कथित लेनदेन का किसी व्यक्ति ने गुप्त रूप से वीडियो बना लिया। मंगलवार को वायरल हुए वीडियो में कर्मचारी को वकील से बातचीत और रुपये लेते देखा जा सकता है। हालांकि प्रशासन ने वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन मामला प्रथम दृष्टया गंभीर माना जा रहा है।

सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एसडीओ आकांक्षा आनंद ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी गहन जांच कराई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मी के खिलाफ सेवा नियमावली के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।