भागलपुर। जिले में डाक विभाग ने प्रशासनिक कार्यों को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ी पहल की है। विभाग जल्द ही ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने जा रहा है, जिससे फाइलों का निपटारा डिजिटल माध्यम से होगा और कामकाज में तेजी आएगी। इसके साथ ही शहर में मोबाइल पासपोर्ट वैन सेवा भी शुरू की गई है, जिससे छात्रों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
ईस्टर्न जोन बिहार के पोस्ट मास्टर जनरल मनोज कुमार ने जानकारी दी कि उनके नेतृत्व में ईस्टर्न जोन के एक दर्जन से अधिक जिलों के पोस्ट ऑफिस मुख्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू की जा रही है। इसे फरवरी माह के अंत तक पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस व्यवस्था से फाइलों की मॉनिटरिंग आसान होगी और लंबित मामलों का निपटारा तेजी से हो सकेगा।

डिजिटल निपटारा और बढ़ी पारदर्शिता

ई-ऑफिस लागू होने के बाद कागजी प्रक्रिया कम होगी और अधिकतर कार्य ऑनलाइन संचालित होंगे। इससे समय की बचत होगी, जवाबदेही बढ़ेगी और कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी। डाक विभाग की यह पहल सरकारी सेवाओं को तकनीक से जोड़कर पारदर्शी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

कॉलेज परिसर में मोबाइल पासपोर्ट वैन

डिजिटल पहल के तहत भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में पहले जेन-जी पोस्ट ऑफिस खोला गया था। अब छात्रों की सुविधा के लिए वहीं मोबाइल पासपोर्ट वैन भी संचालित की जा रही है। इससे पासपोर्ट से जुड़े कार्यों के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।