राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों को राहगीरों के लिए सुरक्षित और जाम-मुक्त बनाने के उद्देश्य से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस इन दिनों ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत पिछले एक महीने में बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 4,800 से अधिक चालान काटे गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान आजादपुर चौक और शालीमार बाग चौक पर सबसे ज्यादा सख्ती बरती गई। ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की गई, जिससे इन व्यस्त चौराहों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिली है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में इस जीरो टॉलरेंस अभियान को शहर के पांच अन्य इलाकों में भी लागू करने की योजना है, ताकि सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके और ट्रैफिक जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

आजादपुर में काटे गए सबसे ज्यादा चालान

इस संबंध में मंगलवार को जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरे जनवरी महीने के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में आजादपुर चौक सबसे प्रमुख केंद्र बना रहा। मॉडल टाउन सर्कल के अंतर्गत आने वाले इस चौराहे पर जनवरी में कुल 2,794 ई-चालान काटे गए। पुलिस के मुताबिक, थोक बाजारों से घिरे इस इलाके में लंबे समय से गलत दिशा में वाहन चलाने, ई-रिक्शा की अवैध पार्किंग, स्टॉप-लाइन उल्लंघन और रेड लाइट जंप जैसी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चालान काटने के साथ-साथ 1,057 विशेष जांच (VoCA) कीं।

इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 127 वाहनों को क्रेन से उठाया गया, जबकि 37 वाहनों को जब्त भी किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि सड़कों पर अनुशासन और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कार्रवाई के मामले में शालीमार बाग रहा दूसरे नंबर पर

एक ट्रैफिक अधिकारी ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि, “अभियान के दौरान इस चौराहे पर किसी भी तरह का उल्लंघन करने वाले को बख्शा नहीं गया।” उन्होंने बताया कि सख्ती के मामले में शालीमार बाग चौक दूसरे स्थान पर रहा। अशोक विहार सर्कल के अंतर्गत आने वाले शालीमार बाग चौक पर इसी अवधि में कुल 2,037 चालान काटे गए। पुलिस के अनुसार, स्थानीय निवासियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इस इलाके को ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान में शामिल किया गया।

यहां भारी ट्रैफिक दबाव, गलत पार्किंग और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए पुलिस ने यहां सख्त कार्रवाई की।

अब इन इलाकों में भी दिखेगी पुलिस की सख्ती

अभियान को लेकर जानकारी देते हुए ट्रैफिक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जनवरी का महीना हाल के वर्षों में सबसे गहन प्रवर्तन चरणों में से एक रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के सकारात्मक नतीजों को देखते हुए अब इसे दिल्ली के अन्य प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों तक विस्तार दिया जा रहा है।

अधिकारी के अनुसार, इसी तरह के ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान (1) मधुबन चौक, (2) रिठाला मेट्रो स्टेशन, (3) शाहबाद डेयरी, (4) बादली मेट्रो स्टेशन और (5) नरेला के सफियाबाद क्रॉसिंग जैसे अहम ट्रैफिक पॉइंट्स पर प्लान किए जा रहे हैं या पहले से चल रहे अभियानों को और सख्त किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, क्योंकि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m