नालंदा। जिले के रहुई थाना क्षेत्र के जगनंदनपुर गांव में मां और उसकी दो मासूम बेटियों की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान कविता देवी (28), उसकी पांच वर्षीय बेटी सपना और डेढ़ साल की गुंजन के रूप में हुई है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर बेटे की चाहत में तीनों को जहर देकर मारने का गंभीर आरोप लगाया है।

अस्पताल में भर्ती छोड़कर फरार हुए ससुराल वाले

मृतका के पिता रामानंद यादव ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि बेटी और दोनों नातिनें अस्पताल में भर्ती हैं। जब वे पहुंचे तो कविता के बाल खींचे हुए थे और हाथ की दो उंगलियों पर पट्टी बंधी थी, जिससे मारपीट या संघर्ष की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि ससुराल पक्ष तीनों को एक निजी अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। बाद में गंभीर हालत में उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।

बेटा नहीं होने पर प्रताड़ना और हत्या की धमकी

परिजनों का कहना है कि बेटे की चाहत को लेकर कविता को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। पिता का आरोप है कि ससुराल वाले मां-बेटियों को जहर देने की धमकी देते थे। भाई पीयूष कुमार के मुताबिक, पिछले चार दिनों से तीनों को खाना-पानी नहीं दिया जा रहा था और राशन वाले कमरे में ताला लगा दिया गया था। शुक्रवार को हुई आखिरी बातचीत में कविता ने खुद को घर में अलग-थलग किए जाने की बात कही थी।

2015 में हुई थी शादी, जांच जारी

कविता की शादी वर्ष 2015 में पिंटू यादव से हुई थी, जो फिलहाल हैदराबाद में बताया जा रहा है। आरोप है कि सास, ससुर और अन्य ससुरालियों ने मिलकर जबरन जहर दिया। सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जहर से मौत की बात सामने आई है। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा कि जहर खुद लिया गया या दिया गया। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।