Bihar Top News Today 04 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 04 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
एनडीए सरकार को जदयू का समर्थन
पटना/इंफाल। मणिपुर की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जनता दल (यूनाइटेड) ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रस्तावित सरकार को समर्थन देने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर-पूर्व प्रभारी अफाक अहमद खान ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जदयू की ओर से समर्थन पत्र राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को सौंप दिया गया है। इससे राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
आग से दो घर राख
भागलपुर। नाथनगर थाना क्षेत्र के अजमेरीपुर बैरिया गांव में बुधवार शाम गैस सिलेंडर में आग लगने से दो घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में लगभग पांच लाख रुपये नकद समेत लाखों का सामान नष्ट हो गया। हालांकि, समय रहते सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मैदान में उतरेगी जन सुराज
पटना। जन सुराज पार्टी ने बिहार सरकार के 2026-27 के बजट को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पार्टी ने कहा कि सिर्फ 11 मिनट 43 सेकंड में बजट भाषण समाप्त कर देना राज्य और बिहारियों के भविष्य के प्रति सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है। राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ कुमार ने पूछा कि क्या बिहार जैसे राज्य के लिए केवल 12 मिनट का बजट भाषण पर्याप्त हो सकता है।
रियाजुल हक राजू जेडीयू में शामिल
पटना। जेडीयू कार्यालय में बुधवार को मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें रेयाजुल हक उर्फ राजू अपने समर्थकों के साथ जनता दल यूनाइटेड में शामिल हुए। समारोह में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, एमएलसी खालिद अनवर, मंत्री श्रवण कुमार और विधायक अमरेंद्र पांडे मौजूद रहे। सभी नेताओं ने राजू और उनके समर्थकों का पार्टी में स्वागत किया।
मादक पदार्थों का बड़ा खुलासा
वैशाली पुलिस ने एक विशेष अभियान के दौरान 1 किलो 4 ग्राम अफीम और 158 ग्राम हेरोइन के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थ सराय टोल प्लाजा के पास एक हुंडई वेन्यू कार से बरामद किया गया। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ब्राह्मणों के खिलाफ की FIR
दरभंगा। कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव में मजदूरी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। असर्फी पासवान ने पुलिस में आवेदन देकर पूरे गांव के ब्राह्मणों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज कराई। पुलिस ने अब तक 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
ई-रिक्शा चालकों की हड़ताल
पटना। बिहार के मोकामा क्षेत्र में हाथीदह और मरांची के बीच ई-रिक्शा (टोटो) चालकों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी है। चालकों का आरोप है कि उनसे स्टैंड शुल्क (वेरियल) के नाम पर मनमानी वसूली की जा रही है, जिससे परिवहन व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चालकों के अनुसार, रसीद पर निर्धारित शुल्क 40 रुपये है, लेकिन ठेकेदार के कर्मचारी 80 रुपये वसूल रहे हैं। इसके अलावा, अब उनसे 190 रुपये की मांग की जा रही है, जो उनकी दैनिक आमदनी के हिसाब से असंभव है। उन्होंने यह भी कहा कि रिजर्व सवारी पर कर्मचारियों की तरफ से 30% अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता है, जिसका कोई कानूनी आधार नहीं है।
बच्चों ने खाया जहरीला बीज
कैमूर। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के मदुरना गांव में बुधवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आठ बच्चों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांव के बच्चे सुबह करीब 11:30 बजे साथ में खेलते हुए पूरब दिशा स्थित पोखरा के पास पहुंच गए। वहीं उन्हें ‘डीजल पौधे’ का बीज मिला, जिसे उन्होंने बादाम समझकर खा लिया। घर लौटने के करीब दो घंटे बाद बच्चों को उल्टी और बेचैनी शुरू हो गई।
शादी का खौफनाक अंत
हाजीपुर। शहर के हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के कोइरी पट्टी गांव में विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ससुराल के दरवाजे पर कार से पत्नी का शव फेंकने के आरोप में पुलिस ने पति सत्येन्द्र कुमार को पटना से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में सहयोग करने वाले उसके दरोगा दोस्त संतोष रजक को भी जेल भेज दिया गया है।
घटना 15 जनवरी की रात की है। रात 12:38 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो घर के बाहर आकर रुकी। CCTV फुटेज में दिखा कि गाड़ी से एक व्यक्ति उतरा, पीछे का दरवाजा खोला और महिला का शव सड़क पर फेंककर फरार हो गया। मृतका की पहचान सरिता के रूप में हुई, जिसकी शादी 9 महीने पहले हुई थी।
पटना दौरे पर बीजेपी अध्यक्ष
पटना। भारतीय जनता पार्टी के नव-नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला बिहार दौरा होगा, जिसे लेकर प्रदेश भाजपा में खासा उत्साह है। उनके स्वागत और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में नागरिक अभिनंदन समारोह, संगठनात्मक बैठकों और अन्य कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


