राजनांदगांव। भाजपा के वरिष्ठ नेता शशिकांत द्विवेदी को मार्कफेड का नया अध्यक्ष बनाया गया है. इस संबंध में सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ के पंजीजक कुलदीप शर्मा ने एक आदेश जारी किया है. मिली जानकारी के अनुसार बहुप्रतिक्षित मार्कफेड के नये अध्यक्ष की नियुक्ति 4 फरवरी को की गई है. भाजपा नेता और सहकारिता मामलों के जानकार शशिकांत द्विवेदी को मार्कफेड के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
जिम्मेदारी मिलने के बाद द्विवेदी ने नवभारत से चर्चा के दौरान बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, पूरी मेहनत और परिश्रम के साथ जिम्मेदारी का निवर्हन किया जाएगा. इस नियुक्ति के लिए उन्होंने प्रदेश सरकार संगठन के सभी शीर्ष नेताओं का आभार माना है. उल्लेखनीय है कि श्री द्विवेदी पूर्व में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव के अध्यक्ष एवं मार्कफेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

पेंड्री मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बढ़ेंगी सीटें
राजनांदगांव। राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एमबीबीएस की सीट बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. प्रस्ताव तैयार कर शासन को भी भेज दिया गया है. मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन की माने तो जल्द ही सीटें बढ़ेगी. सीट बढ़ने से निश्चित ही विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा.
ज्ञात हो कि प्रदेश के अन्य बड़े जिलों के साथ-साथ राजनांदगांव जिला मुख्यालय में भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का संचालन लंबे समय से किया जा रहा है. जहां पर एमबीबीएस की वर्तमान में 125 सीटों की व्यवस्था की गई है. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकों की व्यवस्था हो जाने और मेडिकल कॉलेज अस्पताल संचालक के लिए अन्य सुविधाओं का अधिक से अधिक विस्तार हो जाने के बाद अब यहां पर भी अतिरिक्त सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इसके लिए समय- समय पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा कर रही है. पूर्व में भी मेडिकल कॉलेज का टीम द्वारा जायजा लिया जा चुका है.
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक 150 सीट बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है और प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है. मंजूरी मिली तो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिम बढ़ने से एमबीबीएस के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिलेगा. सीट बढ़ाने का तैयार किया गया है प्रस्ताव- देशकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर अतुल देशकर का कहना है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सीट बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है और प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है. मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है. मेडिकल कॉलेज अस्पताल का टीम भी जायजा ले चुकी है.
पीजी के 28 सीट खोलने की तैयारी : राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में वर्ष 2026-27 में पीजी की 28 सीट खोलने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए समय-समय पर मेडिकल कॉलेज की टीम मेडिकल कॉलेज अस्पताल का दौरा भी कर रही है. 2 दिन पहले भी मेडिकल कॉलेज की टीम पहुंची थी सर्जरी से लेकर एनीथीसिया, एनाटॉमी पैथोलॉजी, माइक्रो बायोलॉजी सहित अन्य विषयों पर पीजी की कुल 28 सीट खोलने की तैयारी चल रही है.
एनीथीसिया में तीन सीट एनाटॉमी में तीन सीट पैथोलॉजी में चार सीट माइक्रोबायोलॉजी में तीन सीट जनरल मेडिकल में आठ, जनरल सर्जरी में सात सीट सहित अन्य पाठ्यक्रमों मे सीटें तय कर दी गई. कुल 28 सीट का प्रस्ताव तैयार किया गया है. प्रस्ताव तैयार का शासन को भेजा जा रहा है प्रबंधन ने भी इसकी पुष्टि की है.
अव्यवस्थाओं के बीच संचालित हो रही आपातकालीन 112 सेवाएं
खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आमजन की सुरक्षा से जुड़ी आपातकालीन डायल 112 सेवाएं संसाधनों की कमी और संचालन संबंधी कठिनाइयों के बावजूद निरंतर संचालित तो की जा रही हैं लेकिन वर्तमान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच डायल 112 वाहन सेवाएं दे रहे हैं जबकि एक अतिरिक्त वाहन की आवश्यकता अब भी बनी हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार डायल 112 के लिए खैरागढ़ क्षेत्र में दो वाहन, जालबांधा, छुईखदान और गंडई में एक-एक वाहन संचालित हैं वहीं ठेलकाडीह क्षेत्र के लिए वाहन की मांग की गई है लेकिन अभी तक शासन स्तर से स्वीकृति नहीं मिल सकी है. फिलहाल ठेलकाडीह क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं का संचालन मातृ जिला राजनांदगांव से किया जा रहा है. प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मार्च अथवा अप्रैल माह तक उक्त क्षेत्र को भी डायल 112 वाहन उपलब्ध कराए जाने की संभावना जताई जा रही है.
डायल 112 की डीडीसी प्रभारी एवं एएसआई सविता वर्मा ने बताया कि जिले में संचालित सभी पांच वाहन लगातार सेवाएं दे रहे हैं हालांकि वाहन काफी पुराने हो चुके हैं इसके बावजूद आपातकालीन सेवाओं में किसी प्रकार का व्यवधान न आए इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है. इस संबंध में जिला नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश कुमार गौतम ने बताया कि डायल 112 के संचालन में कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं.
उन्होंने स्पष्ट किया कि डायल 112 वाहन और चालकों का प्रबंधन निजी कंपनी के माध्यम से किया जाता है जबकि आपातकालीन कानून व्यवस्था से संबंधित कार्यों के लिए वाहन के साथ केवल एक पुलिसकर्मी तैनात रहता है. जानकारी के अनुसार संबंधित कंपनी द्वारा पिछले तीन माह से वाहन चालकों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया है जिससे असंतोष की स्थिति उत्पन्न हुई है.
एएसपी गौतम ने बताया कि जिले में डायल 112 सेवाओं का संचालन तीन शिफ्टों में किया जाता है लेकिन वेतन भुगतान में विलंब और संसाधनों की कमी के चलते कुछ पुराने चालक नौकरी छोड़ चुके हैं. परिणामस्वरूप दो से तीन शिफ्टों में वाहन संचालन बाधित हो रहा है. सेवाओं में निरंतरता बनाए रखने के लिए फिलहाल आसपास के क्षेत्रों से डायल 112 वाहनों को भेजकर स्थिति संभाली जा रही है.
10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में शामिल होंगे 20 से अधिक विद्यार्थी
राजनांदगांव। आगामी 20 फरवरी से 10वीं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होनी है. बोर्ड परीक्षा के लिए दो दिनों तक उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण कराया गया. पहले दिन डोंगरगांव और छुरिया विकासखंड के केंद्राध्यक्षों को उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई गई. 4 फरवरी को राजनांदगांव, डोगरगढ़ के केंद्राध्यक्षों को उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था निश्चित करा दी गई है.
दसवीं तथा बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में इस वर्ष 20,7,54 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. दसवीं बोर्ड की परीक्षा में 11532 तथा बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में 9221 विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित होगी. कुल 88 परीक्षा केंद्रों में बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न कराई जाएंगी. राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित समन्वयक केंद्र स्टेट हाई स्कूल परिसर में दो दिनों तक केन्द्राध्यक्षों की अच्छी खासी उपस्थिति रही.
ज्ञात हो कि बोर्ड परीक्षा के लिए राजनांदगांव जिले में 88 केंद्रों की व्यवस्था की जा रही है, जहां पर फर्नीचर से लेकर बिजली और पानी की भरपूर व्यवस्था सुनिश्चित कराने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है. दसवीं तथा बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं के लिए राजनांदगांव जिले में तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
संभागीय कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, दसवीं बोर्ड की परीक्षा में इस वर्ष राजनांदगांव जिले से 11,532 विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, तो वहीं दूसरी और बारहवीं बोर्ड की परीक्षा में इस वर्ष राजनांदगांव जिले में 9221 विद्यार्थी परीक्षा देंगे.
जिले के कुल 88 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी, जहां पर तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड द्वारा आयोजित की जाने वाली 10वीं तथा 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू होनी है, जिनकी समय सारणी घोषित कर दी गई है. राजनांदगांव जिला मुख्यालय स्थित समन्वय केंद्र स्टेट हाई स्कूल परिसर से केंद्राध्यक्षों को उत्तर पुस्तिका का वितरण कर दिया गया.
16 फरवरी से प्रश्न पत्रों का होगा वितरण : संभागीय प्रमुख मूर्ति सिंह का कहना है की दसवीं तथा बारहवीं बोर्ड के लिए प्रश्न पत्रों का वितरण आगामी 16 फरवरी से कराया जाएगा. पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोपनीय सामग्री वितरित की जाएगी और उन्हें संबंधित थानों में रखाया जाएगा.
ढाबा में एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट 8 को
राजनांदगांव। पुराना ढाबा के तत्वाधान में एक दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजन किया जा रहा है, जिसमें नगर के 8 टीमों को शामिल किया गया है. टूर्मामेंट में पहला इनाम 8001 रुपए और दूसरा इनाम 2222 रुपए विनर कप के साथ दिया जाएगा. वहीं प्रत्येक मैच में मैन ऑफ मैच व म मैन आफ द सीरीज संस्कारधानी मेडिकल पुराना ढाबा की ओर से प्रदान किया जाएगा. उक्त जानकारी मॉर्निंग 11 पुराना ढाबा के कप्तान दिवेश सिन्हा द्वारा दी गई.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


