पटना। गयाजी जंक्शन के पुनर्विकास कार्य के तहत 5 फरवरी से 21 मार्च तक प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर 45 दिनों का मेगा ब्लॉक लिया गया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह कदम स्टेशन को आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। निर्माण कार्य के दौरान रेल परिचालन सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए कई ट्रेनों में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।

कई ट्रेनों के रूट बदले, कुछ का आंशिक संचालन

ब्लॉक अवधि में पटना-गयाजी-पटना पैसेंजर (53213/53214) पूरी तरह रद्द रहेगी। वहीं पटना-भभुआ रोड इंटरसिटी, बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस और गंगा-दामोदर एक्सप्रेस समेत कई प्रमुख ट्रेनें वैकल्पिक मार्ग से चलाई जाएंगी। परिवर्तित रूट की ट्रेनों को आरा, सासाराम, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू), तिलैया, इस्लामपुर, फतुहा, पैमार और बंधुआ स्टेशनों से होकर गुजारा जाएगा।

गरीबरथ और एकात्मता एक्सप्रेस का आंशिक समापन

आनंद विहार-गया और गया-आनंद विहार गरीबरथ एक्सप्रेस, लखनऊ-गयाजी व गयाजी-लखनऊ एकात्मता एक्सप्रेस का आंशिक समापन या प्रारंभ डीडीयू जंक्शन से होगा। गयाजी-कामाख्या एक्सप्रेस का संचालन मानपुर स्टेशन से निर्धारित समय पर किया जाएगा। वहीं पटना-गयाजी मेमू ट्रेनों का आंशिक प्रारंभ और समापन चाकंद स्टेशन पर होगा।

यात्रा से पहले जानकारी लेना जरूरी

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति, मार्ग और समय-सारिणी की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या नजदीकी स्टेशन से अवश्य प्राप्त करें। अस्थायी असुविधा के बावजूद यह परियोजना गया जंक्शन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।