विजय कुमार/ जमुई। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ से संबद्ध संयुक्त संघर्ष मोर्चा, जिला शाखा जमुई ने राजस्व कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की घोषणा कर दी है। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार और विभाग ने शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की, तो राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अभिनाश पासवान ने बताया कि वर्ष 2025 में विभागीय पुनर्गठन के बाद भी कर्मचारियों की समस्याएं दूर नहीं हुई हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व कर्मचारियों को 1900 से बढ़ाकर 2800 ग्रेड-पे (लेवल-5) दिया जाना चाहिए, जबकि वर्तमान वेतनमान उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप नहीं है। नव-नियुक्त कर्मचारियों को गृह जिला में पदस्थापन, 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वालों को कार्यस्थायी आधार पर प्रोन्नति तथा ACP/MACP का समय पर लाभ देने की भी मांग की गई है। कई कर्मचारी 20 वर्षों से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे आर्थिक और मानसिक दबाव बढ़ रहा है।
मोर्चा ने आरोप लगाया कि राजस्व कर्मियों से अन्य विभागों का कार्य भी लिया जा रहा है, जिससे कार्यभार असामान्य रूप से बढ़ गया है। कई अंचलों में बैठने की समुचित व्यवस्था, बिजली, पंखा, कागज, कलम और प्रिंटर जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।
आंदोलन की रूपरेखा के तहत 3 फरवरी 2026 को पूरे बिहार में काला बिल्ला लगाकर कार्य किया जाएगा। 5 फरवरी को जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना, 9 फरवरी को पटना के गर्दनीबाग में विशाल प्रदर्शन तथा 11 फरवरी से सभी जिलों के समाहरणालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


