सोहराब आलम/मोतिहारी, पूर्वी चंपारण। घोड़ासहन थाना क्षेत्र के निमोनिया गांव में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 22 वर्षीय नवविवाहिता रागिनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ना का आरोप
मृतका रागिनी कुमारी की शादी वर्ष 2024 में निमोनिया गांव निवासी भोला साह से हुई थी। रागिनी के पिता परमेश्वर शाह, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बासमनपुर गांव के रहने वाले हैं, ने बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही उनकी बेटी को बाइक और सोने की चेन की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें बढ़ती रहीं। रागिनी को एक बेटा भी हुआ, लेकिन हालात नहीं बदले।
घर में मिला शव, परिजन फरार
परिजनों के अनुसार, 14 जनवरी को रागिनी मायके से ससुराल लौटी थी। गुरुवार सुबह अचानक उसकी मौत की सूचना मिली। जब मायके पक्ष ससुराल पहुंचा तो रागिनी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि घर के सभी सदस्य फरार थे। पिता ने बताया कि गले पर गहरे निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौत संदिग्ध है और रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट होगा। परिजनों के आवेदन पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


