मनेंद्र पटेल, भिलाई। दुर्ग जिले के संतोषीपारा वार्ड 33 में बन रहे एक सामुदायिक भवन को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद खड़ा हो गया। आज भवन के भूमिपूजन के दौरान वार्ड के बीचोबीच स्थित मंदिर और मस्जिद के बीच खाली जमीन पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।


इस दौरान बजरंग दल के कुछ लोग स्थानीय लोगों के साथ विरोध करने पहुंचे और नारेबाजी की। बजरंग दल ने आरोप लगाया कि पार्षद ने यह सामुदायिक भवन मस्जिद और मदरसा के उपयोग के लिए बनाया जा रहा है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि भवन बनेगा तो वहां होने वाले समारोह में मुस्लिम समाज मांसाहारी भोजन बनाएगा और गंदगी मंदिर के सामने फेंकी जाएगी, जिससे उनकी आस्था को ठेस पहुंचेगी। हिंदू समाज ने मंदिर के चारों ओर बाउंड्री बनाने की भी मांग की।
विवाद बढ़ते देख पार्षद डी. शैलजा ने भूमिपूजन रोक दिया। वहीं मौके पर पुलिस भी पहुंची और सीएसपी प्रशांत पैकरा एवं छावनी थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने माहौल को शांत कराया। उन्होंने दोनों पक्षों को निगम प्रशासन के पास अपनी-अपनी बात रखने की सलाह दी।
पार्षद ने बताया कि सरकारी जमीन पर अधोसंरचना मद से 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनना था, जो सभी के काम आता। लेकिन इसे लेकर दो समुदाय आमने-सामने हो गए।
इस पूरे मामले में मुस्लिम समुदाय का कहना है कि वे वर्षों से भाईचारे के साथ रहे हैं और सामुदायिक भवन को लेकर कोई आपत्ति नहीं है। अगर नहीं भी बनेगा तो उनका कोई विरोध नहीं होगा। वहीं विरोध कर रहे लोग जिद पर अड़े हुए हैं कि यहां सामुदायिक भवन नहीं बनने देंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


