Bihar Top News Today 05 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 05 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत

मोतिहारी, पूर्वी चंपारण। घोड़ासहन थाना क्षेत्र के निमोनिया गांव में दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 22 वर्षीय नवविवाहिता रागिनी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला घोंटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

डायल 112 दुर्घटनाग्रस्त

वैशाली। जिले के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत बोतला चौक के पास डायल 112 की पुलिस गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना रात्रि करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार हाजीपुर–महुआ मुख्य मार्ग पर गश्ती के दौरान पुलिस वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतर गया, जिससे यह हादसा हुआ। आसपास के लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों की मदद की।

विधानसभा में गरमाया माहौल

पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में एक बार फिर राजनीतिक गरमाहट देखने को मिली। राजद विधायक भाई वीरेंद्र और भाजपा विधायक विजय सिन्हा के बीच तीखी बहस हो गई, जिससे कुछ समय के लिए सदन का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

राजस्व कर्मचारियों की चेतावनी

सासाराम। बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार को राजस्व कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया। राज्य सरकार की नीतियों और विभाग द्वारा पूर्व निर्णयों के लागू न किए जाने से कर्मचारी क्षुब्ध होकर कार्य बंद कर धरने पर बैठ गए।

एसएसबी की बड़ी कार्रवाई

सुपौल। सीमा चौकी राजपुरा द्वारा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में नाका ड्यूटी के दौरान मादक पदार्थ गांजा की बड़ी जब्ती की गई। तस्कर मौके से भागने में सफल रहे। मौके पर छोड़ी गई बोरी की तलाशी लेने पर उसमें गांजा पाया गया। विधिवत जांच और तौल करने पर यह 28.05 किलोग्राम का मादक पदार्थ निकला।

नीतीश-तेजस्वी आमने-सामने

पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सदन का माहौल उस वक्त गरमा गया, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बीच तीखी बहस हो गई। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री जब अपनी बात रख रहे थे, तभी तेजस्वी यादव बीच में खड़े हो गए। इस पर मुख्यमंत्री ने कड़े शब्दों में उन्हें बैठने को कहा और टिप्पणी करते हुए कहा कि वे उनके पिता के साथ काम कर चुके हैं, इसलिए चुपचाप बैठकर सुनें।

जन सुराज पहुंची सुप्रीम कोर्ट

पटना। बिहार की राजनीति में एक नया मोड़ तब आया जब प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी ने 2025 के विधानसभा चुनाव को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। पार्टी ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार ने चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत बड़े पैमाने पर धनराशि ट्रांसफर कर चुनावी लाभ लेने की कोशिश की।

अग्निकांड में 12 घर जले

मुजफ्फरपुर। जिले के कथैया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी पंचायत के सघनपूरा गांव के पंचियारी टोला में बुधवार को भीषण आग लगने से करीब 12 घर जलकर राख हो गए। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने बाल्टी, मोटर और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं।

किशोरी ने लगाई फांसी

भोजपुर। जिले में घरेलू विवाद के बाद एक 15 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। समय रहते परिजनों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में उसे आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना उदवंतनगर थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर गांव की है।

फर्जी वेबसाइट से 1 करोड़ की ठगी

पटना। साइबर अपराध और सुरक्षा इकाई की टीम ने दानापुर और रूपसपुर थाना क्षेत्र में चल रहे तीन फर्जी कॉल सेंटरों पर छापेमारी कर अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बिहार और झारखंड समेत अन्य राज्यों में सक्रिय इस गिरोह के 22 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 15 महिलाएं, 7 पुरुष और एक नाबालिग शामिल है।
गिरोह ने 2022 में ट्रेन और हवाई टिकट बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाई थी। महिलाएं कॉल कर लोगों को मोबाइल रिचार्ज, रेल-फ्लाइट टिकट बुकिंग, आधार अपडेट और डिजिटल सेवा देने का झांसा देती थीं। झांसे में आने वालों से सर्विस चार्ज के नाम पर 1000 से 2000 रुपए तक ऑनलाइन या क्यूआर कोड के जरिए वसूले जाते थे। पैसे लेने के बाद कोई सेवा नहीं दी जाती थी और शिकायत करने पर पीड़ितों का नंबर ब्लॉक कर दिया जाता था। पिछले चार वर्षों में करीब 500 लोगों से एक करोड़ रुपए की ठगी की गई।