कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानमंडल का सत्र जारी है। इस बीच सदन से लेकर सड़क तक पटना में नीट छात्रा के साथ हुए रेप और हत्याकांड का मुद्दा छाया हुआ है। विपक्षी दलों के नेता लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए बिहार सरकार पर हमलावर हैं। इस बीच जारी सत्र के दौरान कल गुरुवार को सदन के बाहर राजद नेत्री और राज्य की पूर्व सीएम राबड़ी देव ने पटना नीट छात्रा मौत मामले में किसी मंत्री या उसके बेटे के शामिल होने का बयान देते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाया था।
नाम बताएं, 24 घंटे के अंदर जेल में डालूंगा- सम्राट चौधरी
राबड़ी देवी के इस बयान पर राज्य के डिप्टी सीएम सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है। सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा, राबड़ी देवी जी राज्य की सीएम रही हैं, उनसे यह उम्मीद नहीं थी। अगर उन्हें नाम पता है तो, जनता के बीच वह नाम बताएं, मैं गारंटी देता हूं किसी भी मंत्री या मंत्री के बेटे का नाम आएगा तो 24 घंटे के अंदर जेल में डालूंगा। यदि उन्हें नाम पता है और वह नहीं बता रही हैं, तो वह साक्ष्य को छुपा रही हैं।
राबड़ी देवी ने कही थी ये बात
दरअसल कल मीडिया से बातचीत में राबड़ी देवी ने कहा था कि, बिहार सरकार नीट छात्रा मौत मामले में लीपा-पोती कर रही है। लीपा-पोती करने के बाद इस मामले को सीबीआई को दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि, इसमें कहीं ना कहीं मंत्री या उनके आदमी का हाथ है। इसीलिए ऐसा किया गया है।
राबड़ी देवी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि सीबीआई किसकी है? सब उन्हीं (सरकार) का है, वो क्या जांच करेंगे? वही बजट को लेकर उन्होंने कहा कि, बजट में कुछ भी नहीं है। इस दौरान उनके साथ कई महिला विधायक भी मौजूद रहीं।
सरकार ने सीबीआई को सौंपी है जांच
बता दें की पटना में शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने बेटी के साथ गलत काम होने के बाद हत्या का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस इस मामले को शुरू में सिर्फ मौत का मामला मान रही थी। परिजनों द्वारा लगातार प्रदर्शन करने और राजनीतिक दबाव बढ़ने पर मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया।
बाद में जांच के दौरान एफएसएल रिपोर्ट में छात्रा के साथ दुष्कर्म होने की खबर सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने जांच के दायरे और आगे बढ़ाया। मामले में हॉस्टल संचालक समेत कई संदिग्धों के डीएनए सैंपल लिए गए। इस दौरान भी जांच का कोई नतीजा नहीं निकला। बिहार सरकार ने अब मामले की जांच सीबीआई को सौंप दिया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


