पटना। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र स्थित विकास विहार कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो नौबतपुर का रहने वाला था और मोहन यादव का पुत्र बताया जा रहा है।

बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील कुमार कॉलोनी में मौजूद थे, तभी बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोग गोली की आवाज सुनकर बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।

तीन खोखे बरामद, जांच तेज

सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके से गोली के तीन खाली खोखे बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

आपसी रंजिश की आशंका

फुलवारी शरीफ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के खिलाफ पटना और आसपास के थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने प्राथमिक जांच के आधार पर आशंका जताई है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुरानी दुश्मनी कारण हो सकती है।

एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एफएसएल और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान में जुटी है। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।