सर्दियों अब ख़त्म होने ही वाली है, फिर भी अभी बाजार में बहुत अच्छे और सस्ते हरे मटर मिल रहे हैं. जिनसे हम सभी के घरों में रोजाना कुछ ना कुछ डिश बन ही रही है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि मटर को पूरे साल इस्तेमाल करने का एक आसान तरीका भी है? मटर की वड़ी बनाकर आप इसे लंबे समय तक स्टोर कर सकते हैं. जब घर में सब्जी न हो, तो बस वड़ी निकालिए और आलू, पनीर या बैंगन के साथ स्वादिष्ट सब्जी तैयार कर लीजिए. तो चलिए जानते हैं मटर की वड़ी बनाने की आसान विधि.

सामग्री

ताजी हरी मटर – 500 ग्राम
अदरक – 1 इंच
हरी मिर्च – 2
लहसुन – 6–7 कलियां
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हींग – चुटकी भर
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – थोड़ा सा

विधि

  1. मटर को धोकर अच्छी तरह सुखा लें. मिक्सी में मटर, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को दरदरा पीसें (पेस्ट नहीं बनाना है).
  2. अब इसमें जीरा, हींग, धनिया पाउडर और नमक मिलाएं. हाथों में हल्का तेल लगाकर छोटे-छोटे गोले या लंबी वड़ी का आकार दें.
  3. इन्हें सूती कपड़े या थाली में रखकर तेज धूप में 3–4 दिन सुखाएं. जब वड़ी पूरी तरह सख्त हो जाए, तो एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख लें.

इस्तेमाल कैसे करें

सब्जी बनाने से पहले वड़ी को हल्का सा तल लें. फिर आलू, पनीर, बैंगन या लौकी के साथ पकाएं. चाहें तो सिर्फ वड़ी की मसालेदार सूखी सब्जी भी बन सकती है.

खास टिप्स

वड़ी जितनी अच्छी तरह सूखेगी, उतनी ज्यादा समय चलेगी (6–8 महीने आराम से). नमी से बचाने के लिए डिब्बे में 1–2 तेजपत्ता डाल सकते हैं.