सोहराब आलम/मोतिहारी। जिले की नगर थाना क्षेत्र में घर पर फायरिंग की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। गांधीनगर रमना मोहल्ले में आकाश कुमार के घर पर कुछ युवकों ने गोलीबारी की थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने सदर डीएसपी दिलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और त्वरित छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विशाल कुमार, शुभम मिश्रा, गणेश कुमार और यश कुमार शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक और एक स्विफ्ट कार बरामद की। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर विशाल कुमार के ठिकाने से 9 खोखा तथा गोलू कुमार के घर से 4 खोखा जब्त किए गए। बरामद खोखों से स्पष्ट है कि आरोपियों ने पूर्व योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।
सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में अपराधियों को सख्त संदेश गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


