भोपाल। मध्य प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के बयान का जगह-जगह विरोध किया जा रहा है। लाडली बहनों को लेकर दिए विवादित बयान को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। कांग्रेस ने इसे लेकर जमकर निशाना साधा है। वहीं विरोध बढ़ता देख हुए मंत्री करण वर्मा ने सफाई दी और माफी भी मांगी है। पढ़िए पूरी खबर…
एमपी कांग्रेस के सचिव ने कहा- बीजेपी समझ रही है कि बहनों को खरीद लिया है
मप्र कांग्रेस के सचिव जसवीर सिंह गुर्जर ने कहा कि मंत्री करण सिंह लंबे समय से राजनीति कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने साबित कर दिया कि सरकार हितग्राही को जो सुविधा दे रही है, उसके बदले हितग्राही को भाजपा कार्यकर्ता बनाना चाहती है। 1000-1500 रुपये देकर भाजपा नेता समझ रहे हैं कि उन्होंने बहनों को खरीद लिया है, तो वह गलत है। लोगों को भी यह समझना होगा कि सरकार से मिलने वाली राशि उनका हक है, यह भीख नहीं है। अगर सरकार के लोग इस तरह के बयान देते हैं, तो लोगों को उसका विरोध करना चाहिए।
बहनों को 10 हजार रुपये देने की मांग!
जयवीर सिंह ने आगे कहा कि मप्र में जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से वह राज्य को कर्ज में डुबो रही है। आने वाली पीढ़ी के सामने इतना बड़ा कर्ज खड़ा कर जाएंगे, इस कर्ज की भरपाई कभी नहीं हो सकती। लाडली बहना के नाम पर भी लगातार कर्ज लिया जा रहा है। लाडली बहनों को दो रुपये दे रहे हैं और 98 रुपये खा रहे है। बीजेपी चुनावी फायदे के लिए हर योजना का संचालक करती हैं। लाडली बहना योजना सरकार के गले की फांस बन गई है। हम तो चाहते हैं कि बहनों को 10 हजार रुपये महीना मिलना चाहिए। मुझे पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान का भाषण अभी याद है, कि उन्होंने बहनों को 10 हजार रुपये तक देने की बात कही थी। अगर शिवराज सिंह बहन मानते हैं तो बहनों को 10 हजार रुपये महीने दें।
ये भी पढ़ें: MP में लाड़ली बहनों को मंच से धमकी: राजस्व मंत्री करण सिंह बोले- सरकारी कार्यक्रम छोड़ेंगी तो योजना से बाहर! रिपोर्ट भेजकर कटवाऊंगा नाम
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया घमंड
कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया ने कहा कि भाजपा के मंत्रियों का घमंड बोल रहा है, ये दम्भ है ये घमंड है। लाडली बहना इस तरह की धमकियों से डरने वाली नहीं है। समय आने पर वह बीजेपी की सरकार को मुंहतोड़ जवाब देंगी।
बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ने नहीं सुना मंत्री का बयान
बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि मंत्री करण सिंह वर्मा का बयान मैंने नहीं सुना है। इस पर वही बेहतर जवाब दे सकते हैं। अश्विनी ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य की योजनाएं बिना भेदभाव के समग्र विकास के लिए लाई जाती हैं। लाडली बहना और लाडली लक्ष्मी जैसी योजनाएं बीजेपी सरकार की प्राथमिकता हैं। प्रदेश में बेटियों और महिलाओं को सशक्त करने का काम किया है। मध्य प्रदेश में बेटी के जन्म पर उत्सव का माहौल बनता है। केंद्रीय बजट में भी महिलाओं की उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयास किए गए। सरकार अपनी तय लाइन पर काम कर रही है।
मंत्री के कहने की मंशा कुछ और- बीजेपी विधायक
शाजापुर से बीजेपी विधायक अरुण भीमावद का कहना है कि यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। मंत्री करण सिंह वरिष्ठ मंत्री हैं। वे इस तरह की बयानबाजी नहीं कर सकते है। मंत्री के कहने की मंशा कुछ और होगी, लेकिन उसे अलग रूप दिया गया। भाजपा विधायक ने कहा कि लाडली बहनों के कारण हमारी सरकार बनी है और भाजपा सरकार लाडली बहनों का सम्मान करती है।
पूर्व बीजेपी विधायक बोले- यह भाजपा सरकार की अहंकार नीति
नर्मदापुरम के पूर्व भाजपा विधायक व वर्तमान कांग्रेस नेता गिरिजा शंकर शर्मा ने कहा कि बीजेपी के लोग लगातार इस प्रकार के ऊलजलुल बयान देते आ रहे हैं। इससे यह साबित होता है कि वह अत्यंत अहंकार में है। लोकतंत्र में लोक की कीमत खत्म होते जा रही है और तंत्र मजबूत होते जा रहा है और तंत्र में भी वह लोग जो सरकार में बैठे हुए हैं। इन लोगों ने ब्यूरोक्रेसी को अपने हिसाब से बना लिया है। लोकतंत्र के सभी हिस्सों को इन्होंने अपने हिसाब से बना लिया है। यह जो जनता को कैश पेमेंट दे रहे हैं, यह जनता का ही पैसा है। परंतु सरकार के लोग यह जताना चाह रहे हैं कि बीजेपी सरकार यह पैसा जनता को दे रही है। यह पैसा सरकार की जेब में आसमान से नहीं टपकता है, यह पैसा जनता का है और सही उपयोग करने के लिए होता है। जिस प्रकार से धमकी भरा मंत्री का बयान सामने आया है, यह भाजपा सरकार की अहंकार नीति को प्रदर्शित करती है। भाजपा सरकार की अहंकार नीति को दर्शाती है।
ये भी पढ़ें: नेता प्रतिपक्ष ने राजस्व मंत्री पर साधा निशानाः उमंग सिंघार ने लिखा- सत्ता के दुरुपयोग और महिला-विरोधी मानसिकता का प्रमाण
मंत्री करण सिंह ने लाडली बहनों को लेकर कही थी ये बात
गौरतलब है कि सीहोर जिले की इछावर विधानसभा में आयोजित एक शासकीय कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने ऐसा बयान दिया, जिसने कुछ ही देर में सियासी विवाद खड़ा कर दिया। दरअसल, मंत्री ने मंच से कहा था कि यदि लाडली बहनें सरकारी आयोजन में शामिल नहीं हुईं तो योजना से उनका नाम कट सकता है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विपक्ष ने मुद्दा बना लिया और जमकर हमला बोला।
राजस्व मंत्री ने किया खेद प्रकट, दी ये सफाई
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने विरोध बढ़ता देख खेद प्रकट किया और कहा कि हमारी भावना यहां नहीं थी। मैंने खुद बोला है कि सभी लाडली बहनों के समूह को बुलाए। मैं उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ बताऊंगा। मेरे कहे गए शब्दों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है, मेरी भावना ऐसी नहीं थी। मंत्री ने कहा कि लाडली बहनों को जो पैसा मिल रहा है, यह निरंतर मिलता रहेगा। डॉ मोहन यादव की सरकार में महिलाओं को बहुत सम्मान मिल रहा है। मुझसे त्रुटि हो गई है तो उसके लिए आप सभी के सामने माफी मांग रहा हूं। अपने ही विवादित बयान पर मंत्री करण ने कहा कि देश में पीएम मोदी और प्रदेश में डॉ मोहन सरकार है। ऐसे में कौन माई का लाल लाडली बहनाओं का पैसा कटेगा। पैसा लगातार लाडली बहनों को मिल रहा है और मिलता रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


