Pappu Yadav Arrested: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने कल शुक्रवार (6 फरवरी) की देर रात गिरफ्तार कर लिया। सांसद की गिरफ्तारी से पहले पटना स्थित उनके मकान पर काफी हंगामा भी हुआ। दरअसल पप्पू यादव पुलिस के साथ रात के समय जाने को तैयार नहीं थे।

इस दौरान उनके काफी समर्थक भी उनके आवास पहुंचे थे, जो उनकी गिरफ्तारी का विरोध कर रहे थे। इसके बाद एसपी भानु प्रताप के साथ भारी संख्या में पुलिस उनके आवास पर पहुंची और उन्हें उठाकर अपने साथ लेकर चली गई।

31 साल पुराने मामले में हुई गिरफ्तारी

मिली जानकारी के अनुसार पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने दो दिन पहले ही सांसद पप्पू यादव सहित 3 लोगों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था। इन सभी पर धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लेने का आरोप है। यह पूरा मामला साल 1995 का बताया जा रहा है, जिसकी शिकायत पटना के गर्दनीबाग थाने में दर्ज कराई गई थी।

तेज हुई सियासी हलचल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस सबसे पहले पप्पू यादव को पटना के बेली रोड स्थित आईजीआईएमएस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनका मेडिकल चेकअप कराया गया। मेडिकल के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अस्पताल में भी उनके कुछ समर्थक पहुंचे हुए थे। पप्पू यादव की गिरफ्तारी से बिहार की सियासी हलचल तेज हो गई है।

सरकार पर हमलावर थे सांसद पप्पू यादव

गौरतलब है कि पटना नीट छात्रा मौत मामले में पप्पू यादव बीते कई दिनों से लगातार सरकार पर हमलावर थे। वे सोशल मीडिया से लेकर टीवी चैनल डिबेट्स में इस मुद्दे को जोरशोर से उठा रहे थे। सांसद का कहना है की इसलिए ही सरकार उनके खिलाफ यह कार्रवाई कर रही है।

गौरतलब है कि नीट छात्रा मौत का मामला इन दिनों सड़क से लेकर सदन तक छाया हुआ है। विपक्ष इस मुद्दे पर लगातार सरकार को घेरने का काम कर रही है। मामले ने इतना तूल पकड़ लिया है कि सरकार को इस केस की जांच सीबीआई को देनी पड़ी है।

हम आतंकवादी हैं करो अरेस्ट- पप्पू यादव

गिरफ्तारी से पहले पप्पू यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर अपनी गिरफ्तारी को लेकर एक पोस्ट भी साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा- युवा उद्यमी सूरज बिहारी की हत्या, फिर भी एक हत्यारे को न पकड़ पाने वाली बिहार पुलिस के कारण आज सूरज के पिता उद्यमी जवाहर यादव जी का देहांत हो गया। पप्पू यादव ने आगे लिखा- उनके हत्यारों की आरती उतारने वाली बिहार पुलिस मुझे गिरफ्तार करने पांच थाने की पुलिस लेकर पहुंची है! हम आतंकवादी हैं करो अरेस्ट।

ये भी पढ़ें- राजद कार्यालय में तेजस्वी यादव का भव्य अभिनंदन, दुल्हन की तरह सजा पटना, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह