राजनांदगांव। पुलिस ने एक इलेक्ट्रिक ऑटो में छुपाकर गांजा तस्करी किए जाने के मामले का खुलासा करते हुए 14 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 733100 हजार रूपये बताई जाती है. गांजा तस्करी के इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है.

यह भी पढ़ें : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज छत्तीसगढ़ दौरा, बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय का करेंगी शुभारंभ

सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव से मिली जानकारी के अनुसार मुखबीर से सूचना मिली कि रायपुर से राजनांदगांव की ओर आ रहे इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक सीजी 04 क्यूएफ 3543 में गांजा की तस्करी की जा रही है. उक्त ऑटो को टेडेसरा में घेराबंदी कर रोका गया. तलाशी लेने पर उसमें 8 छोटे बड़े पैकेट में कुल 14.662 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 733100 रूपये आंकी गई है.

इस मामले में ऑटो सवार दुर्गेश रायकर उर्फ विक्की पिता राजकुमार रायकर उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम हीरापुर लाटरी नगर रायपुर, मो. जुलफीकार उर्फ राजा पिता मो. शफी खान उम्र 32 वर्ष निवासी कबीरनगर अटल आवास रायपुर तथा दीपक साहू पिता सुखदेव साहू उम्र 38 वर्ष निवासी कबीरनगर अटल आवास रायपुर बताए जाते हैं. आरोपियों के पास से मोबाइल भी जब्त किए गए. आरोपियों के खिलाफ धारा 20 ख एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

प्रीमियम राशि नहीं पटाने पर नये बस स्टैण्ड की 7 दुकानों को नगर निगम ने किया सील

राजनांदगांव। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर नगर निगम राजस्व वसूली में कडाई बरतते हुये दुकानो की बकाया प्रीमियम तथा दुकान किराया पर संबंधित को नोटिस जारी कर रही है. साथ ही सम्पत्तिकर, जलकर, समेकितकर के बड़े बकायादारों को भी नोटिस जारी किया जा रहा है. आज हाईटेक बस स्टैण्ड जेल रोड की दुकानों का प्रीमियम जमा नहीं करने पर 7 दुकानों में ताला जड़ने की कार्यवाही की गयी.

वित्तीय वर्ष समाप्ति के अंतिम माह में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली के लिये निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, राजस्व विभाग की प्रतिदिन मानिटरिंग कर रहे है और बकायादारो को नोटिस जारी कर कार्यवाही के निर्देश दे रहे है. निर्देश के अनुक्रम में राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम का अमला बड़े बकायादारो को नोटिस जारी कर बकाया करो का भुगतान नही करने की स्थिति में कार्यवाही की तैयारी कर है.

कार्यवाही में हाईटेक बस स्टैण्ड जेल रोड के दुकानदारों में दुकान क्रं. 1 आबंटिति मनीष कुमार बाफना के द्वारा प्रीमियम राशि 5 लाख 14 हजार जमा की गयी व 6 लाख का अगामी तिथि का चेक दिया गया. साथ ही जिन दुकानों के आबंटितियो द्वारा प्रीमियम राशि जमा नही करने पर दुकान क्रं. जी-2 आबंटिति भावेश अग्रवाल बकाया प्रीमियम 11 लाख 38 हजार 7 सौ 57 रूपये, दुकान क्रं. जी-3 आबंटिति प्रकाश राठौड बकाया प्रीमियम 13 लाख 39 हजार 2 सौ 6 रूपये, दुकान क्रं. जी- 7 आबंटिति मीना राठौड बकाया प्रीमियम 13 लाख 39 हजार 2 सौ 6 रूपये, दुकान क्रं. जी-8 आबंटिति दादा ब्रदर्स बकाया प्रीमियम 13 लाख 40 हजार 2 सौ 6 रूपये, दुकान क्रं. जी-9 आबंटित भावेश अग्रवाल बकाया प्रीमियम 11 लाख 40 हजार 7 सौ 57 रूपये एवं दुकान क्रं. जी – 10 आबंटिति दादा ब्रदर्स बकाया प्रीमियम 13 लाख 47 हजार 2 सौ 6 रूपये की प्रीमियम राशि जमा नही करने पर उक्त 7 दुकानों में ताला जड़ा गया .

आयुक्त विश्वकर्मा ने बताया कि शासन लक्ष्य के विरूद्ध सत प्रतिशत राजस्व वसूली किया जाना है, वसूली के लिये करदाताओं को करो का भुगतान करने अपील की जा रही है, बड़े बकायादारों को नोटिस दिया जा रहा है. उन्होंने करदाताओं से कहा कि, अपने बकाया कर एवं किराये की राशि का भुगतान समय पर कर अधिभार एवं निगम की कार्यवाही से बचे.

सिंघोला में मड़ई मेला का आयोजन 7 फरवरी को

राजनांदगांव। ग्राम सिंघोला में मड़ई मेला का आयोजन 7 फरवरी को बजरंग चौक में रखा गया है. तुलसी राम साहू, मुकेश साहू सरपंच व मोतीलाल सोनबोईर ने बताया कि मनोरंजन के लिए रात्रि में प्रेम सुमन छत्तीसगढ़ी नाचा पार्टी बेन्दाड़ी छुरिया वाले का कार्यक्रम रखा गया है.

पिनकापार में 7 व 8 फरवरी को रामायण सम्मेलन का आयोजन

डोंगरगढ़। ग्राम पंचायत पिनकापार में भारत दर्शन मानस प्रचार प्रसार समिति एवं समस्त ग्रामवासी के सहयोग से दो दिवसीय रामायण गायन वादन टीका सम्मेलन का आयोजन 07 व 08 फरवरी को शिव मंदिर नया प्रांगण में रखा गया है जिसमे 7 फरवरी को महतारी के माया मानस परिवार आरी कोनारी, माधुर्य मानस परिवार पोहियादीही, परमानंद मानस परिवार टेकापार खैरागढ़, कद्रेक्षा मानस परिवार करँजा भिलाई, अनंत मानस परिवार पंडरीपानी, स्वरांजलि मानस परिवार अर्जुदा बालोद, जय लक्ष्मण पाठ मानस परिवार खैरासिया रायगढ़, लोक चिन्हारी भरथरी सिकोसा बालोद व 08 फरवरी को अन्य 8 मानस मंडली अपनी प्रस्तुति देगी . यहां जानकारी समिति के नोहर पटेल, धनेश सिन्हा ने दी.

विज्ञापनकर्ताओं पर निगम ने लगाया जुर्माना

राजनांदगांव। फ्लाई ओव्हर के नीचे बिना निगम की अनुमति के विज्ञापन लगाने पर 13 विज्ञापनकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगम ने संबंधितों का नोटिस जारी कर 10-10 हजार रुपए का अर्थदण्ड आरोपित किया है. नगर निगम द्वारा समय समय पर बिना अनुमति बेनर, पोस्टर, होडिंग्स लगाने पर नोटिस दिया जाता है, नोटिस उपरांत नही हटाने की स्थिति में जप्ती कर जुर्माना लगाया जाता है.

वर्तमान में सौदर्यीकरण की दिशा में फ्लाई ओव्हर के नीचे रंगाई पोताई किया जा रहा है. जहाँ कतिपय लोगो के द्वारा पोस्टर लगाकर विज्ञापन प्रकाशन किया गया है. उन 13 विज्ञापनकर्ताओ को आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने अवैध रूप से विज्ञापन कर शासकीय संपत्ति का विरूपण करने तथा छ.ग. नगर पालिक निगम अधिनियम की धारा 335 एवं संपत्ति विरूपण अधिनियम के उल्लंघन पर हटाने नोटिस जारी कर 10-10 हजार रुपए अर्थदण्ड अधिरोपित किया है.

आयुक्त विश्वकर्मा ने सर्व संबंधित विज्ञापन एजेंसियो / संस्थानों एवं संबंधित व्यक्तियों को कहा है कि निकाय के बिना पूर्वानुमति एंव स्वीकृति के लगाये गए होर्डिंग्स बोर्ड, बैनर पोस्टर एवं अन्य प्रकार के विज्ञापन स्वेच्छा से 07 दिवस के भीतर हटा लेवें.

एकलव्य विद्यालय में प्रवेश के लिए परीक्षा 1 मार्च को

राजनांदगांव। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए रविवार 1 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. परीक्षा में शामिल होने के लिए 7 फरवरी 2026 तक वेबसाईट पर ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर सकते है.

दो दिवसीय रामायण सम्मेलन 8 व 9 को

डोंगरगांव। अंचल के ग्राम कोलिहापुरी में 8 एवं 9 फरवरी को दो दिवसीय मानस गान सम्मेलन का आयोजन जय श्रीराम नवयुवक मंडल एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में किया जा रहा है. 8 फरवरी उद्घाटन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि कोमलसिंह राजपूत अध्यक्ष जिला भाजपा राजनांदगांव, अध्यक्षता जिपं पूर्व अध्यक्ष दिनेश गांधी, विशिष्ट अतिथि प्रशांत कोडापे सभापति जिपं, भूपेंद्र वर्मा अध्यक्ष सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोलिहापुरी, मदनलाल देवांगन सरपंच कोलिहापुरी, ताराचंद सिंह उपसरपंच कोलिहापुरी होंगे. वहीं 9 फरवरी समापन अवसर पर मुख्य अतिथि दलेश्वर साहू विधायक विधानसभा डोंगरगांव, भावेश सिंह पूर्व अध्यक्ष जपं डोंगरगढ़, मंजू नरेंद्र वर्मा सदस्य जपं डोंगरगढ़, सहित समस्त पंचगण उपस्थित होंगे.

तीन दिवसीय सत्संग प्रवचन 6 से 8 फरवरी तक बांकल स्टेशन में

तुमड़ीबोड़। समीपस्त ग्राम बांकल (स्टेशन) में 6 से 8 फरवरी तक तीन दिवसीय सत्संग प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पाटेश्वर धाम के संचालक श्री राम बालकदास जी महा त्यागी श्री बाल योगेश्वर जी का आगमन 6 फरवरी शुक्रवार को बांकल ( स्टेशन) में हो रहा है. 6 फरवरी को प्रातः 10 बजे परम पूज्य गुरुदेव आगमन, कलश यात्रा निकाली जाएगी . तीन दिनों के कीर्तन एवं प्रवचन का समय दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. इस सत्संग प्रवचन के आयोजक ग्राम विकास समिति एवं समस्त ग्रामवासी बांकल (स्टेशन) हैं. आयोजकों ने इस सत्संग प्रवचन में पधारकर मानस प्रवचन का पुण्यलाभ लेने के लिए सभी को आमंत्रित किया है.

श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा 8 फरवरी से

डोंगरगांव। समीपस्थ ग्राम बड़गांव चारभाठा के शिव चौक में 8 से 14 फरवरी 2026 तक श्री शिव महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा का आयोजन शिवशक्ति शिव परिवार एवं शिष्यगण, समस्त माताएं व ग्रामवासियों के सहयोग से किया जा रहा है. इस भक्ति में आयोजन के व्यासपीठ पर कथा वाचक के रूप में भूपेंद्र मिश्रा (गोलू महाराज ) एवं परायणकर्ता दानेश्वर प्रसाद शर्मा ग्राम भेड़ी (अर्जुन्दा) व दिग्विजय प्रसाद मिश्रा ग्राम रतनभाट होंगे.

कथा का शुभारंभ 8 फरवरी रविवार को कलश यात्रा, देवी पूजन, पुराण पूजन व शिव तत्व के साथ होगा. वही 9 फरवरी सोमवार को शिवलिंग महिमा, चंचुला कथा, 10 फरवरी मंगलवार को अर्धनारी रूप, 11 फरवरी बुधवार को जगदंबा चतुर्भुज रूप में दर्शन, 12 फरवरी गुरुवार को प्रदोष व्रत महिमा, शिव रत्न पार्वती विवाह उत्सव, 13 फरवरी शुक्रवार को तारकासुर जालंधर उद्धार, बारह ज्योतिर्लिंग महिमा प्रसंग व शोभायात्रा, 14 फरवरी शनिवार को गणेश स्कंद महिमा, रूद्रगीता, कथा विश्राम, चढ़ोत्तरी, नंदी पूजा, हवन, पूर्णावती व महाप्रसादी तथा 15 फरवरी रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महाशिवरात्रि पूजा व महाअभिषेक का आयोजन होगा. आयोजकों ने इस भक्तिमय कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है.

महिला को कुचलकर भागने वाले बाइक चालक गिरफ्तार

गंडई-पंडरिया। महिला को कुचल कर भागने वाले अज्ञात लाल रंग पल्सर मोटर सायकल चालक को गंडई पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय मे पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

गौरतलब हो कि बीते 16 जनवरी की सुबह 07:40 बजे ललिता साहू पति रेघउ साहू उम्र 53 साल ग्राम मरदकठेरा थाना गंडई जिला केसीजी अपने घर से खेत में बोये चना गेंहू की निंदाई व रखवाली करने के लिये मरदकठेरा खार के लिये पैदल खाना डिब्बा लेकर निकली थी. करीबन 8 बजे ग्राम धोधा चौक के आगे कालेगोंदी रोड से गुजर रही थी कि कागोंदी की ओर से आ रहे अज्ञात लाल रंग के पल्सर मोटर सायकल के चालक द्वारा तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाकर जोरदार ठोकर मारकर एक्सीडेट कर भाग गया.

एक्सीडेट से ललिता साहू के सिर में चोट लगने से मौके पर मृत्यु कि गई. अज्ञात आरोपी लाल रंग के पल्सर मोटर सायकल के चालक द्वारा तेज, लापरवाही, वाहन चलाकर मृत्यु कारित करना पाये जाने से अपराध धारा 281,106 (1) बी०एन०एस० का घटित करना पाये जाने से अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया. विवेचना दौरान लगातार अज्ञात मोटर सायकल पल्सर के चालक का पता तलाश किया जा रहा था.

सीजी पुलिस द्वारा अज्ञात मोटर सायकल के चालक का सीसीटीवी फुटेज तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मोटर सायकल का हेड लाईट वाईजर को बनवाने सहसपुर लोहारा रामा बजाज शोरूम ले गया था, जहाँ से आरोपी का पता चलने पर पल्सर मोटर साइकिल क्रमांक सीजी 08 एयु 3664 के चालक शैलेन्द्र निर्मलकर पिता मांगीलाल निर्मलकर उम्र 23 साल ग्राम ईरिमकसा थाना गण्डई का होना पाये जाने से तलब कर पूछताछ करने पर घटना कारित करना स्वीकार किया गया. प्रकरण में धारा 105 बीएनएस जोडी गई हैं, घटना में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया. जहां से उसे रिमांड पर जेल दाखिल किया गया.

इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलसचिव की प्रतिनियुक्ति निरस्त

खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में गैर शिक्षक एवं कल्याणकारी संघ के संयुक्त मोर्चा द्वारा जारी हड़ताल का प्रभाव अब शासन स्तर तक पहुंच गया है. कर्मचारियों के विरोध के बीच छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने प्रभारी कुलसचिव डॉ. सौमित्र तिवारी की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है.

आदेश के तहत डॉ. तिवारी को तत्काल प्रभाव से उनकी मूल पदस्थापना अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर में वापस भेज दिया गया है. यह आदेश अवर सचिव द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है. विश्वविद्यालय में संयुक्त मोर्चा के बैनर तले गैर शिक्षक कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही.

कर्मचारियों ने कुलसचिव की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए मानसिक उत्पीड़न असंगत कार्यभार प्रशासनिक पक्षपात तथा विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने जैसे आरोप लगाए थे. कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से इन समस्याओं को लेकर शिकायतें की जा रही थीं लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा. आंदोलन की शुरुआत कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से सुंदरकांड पाठ के साथ की थी. कर्मचारियों ने कुलसचिव की लगातार अनुपस्थिति को भी प्रशासनिक लापरवाही करार दिया.

संयुक्त मोर्चा के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर कुलपति, पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था जिसके बाद मामला शासन तक पहुंचा. गैर शिक्षक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रखर शरण सिंह ने बताया कि प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के आदेश को आंदोलन का आंशिक परिणाम माना जा सकता है, लेकिन कर्मचारियों की लंबित मांगों के स्थायी समाधान तक आंदोलन की आगे की रूपरेखा पर विचार किया जाएगा वहीं विश्वविद्यालयीन सूत्रों ने बताया कि यहां प्रशासन की गतिविधियों पर भी कर्मचारियों की नजर बनी हुई है.