जुबैर अंसारी/सुपौल। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और छातापुर से भाजपा विधायक नीरज कुमार सिंह ‘बबलू’ ने पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कड़ा प्रहार करते हुए एक बड़ा विवादित बयान दिया है। शनिवार को वीरपुर स्थित कोसी निरीक्षण भवन में आयोजित ‘जनता दरबार’ के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए विधायक ने दो टूक शब्दों में कहा कि पप्पू यादव कोई जननायक नहीं, बल्कि एक पेशेवर अपराधी हैं।

​जनता दरबार में सुनीं समस्याएं

इससे पूर्व, विधायक नीरज सिंह बबलू क्षेत्र भ्रमण के दौरान वीरपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को फोन कर जनसमस्याओं के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।

सांसद की गिरफ्तारी पर तीखा हमला

जैसे ही पत्रकारों ने सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी और उनके द्वारा सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों के बारे में सवाल पूछा, विधायक नीरज बबलू के तेवर तल्ख हो गए। उन्होंने कहा, पप्पू यादव की गिरफ्तारी तो बहुत पहले ही हो जानी चाहिए थी। अभी तो केवल एक मामला सामने आया है, लेकिन उनके ऊपर पहले से ही सैकड़ों आपराधिक मामले दर्ज हैं जो फाइलों में दबे हुए हैं।
​विधायक ने आगे कहा कि जो व्यक्ति पूरी तरह अपराध के दलदल में डूबा रहता है, वह हमेशा मौके की तलाश में रहता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोग गलती से सांसद चुन लिए जाते हैं।

हत्या की साजिश के आरोपों को नकारा

पप्पू यादव द्वारा लगाए गए उन आरोपों पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार उन्हें मरवाना चाहती है, विधायक ने कहा कि यह पूरी तरह झूठ है। उन्होंने तल्ख लहजे में कहा, यदि सरकार को पप्पू यादव को मारना ही होता, तो वह बहुत पहले ही मर गए होते। वह केवल सहानुभूति बटोरने के लिए इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।
​नीरज बबलू ने अंत में अपनी बात दोहराते हुए कहा कि हमारी सरकार अपराधियों को सजा दिलाने के लिए संकल्पित है। पप्पू यादव का चरित्र शुरू से ही आपराधिक रहा है और ऐसे लोगों की सही जगह केवल जेल है। इस बयान के बाद इलाके की सियासत में गर्माहट बढ़ गई है।