पटना। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने बिहार की सियासत में उबाल ला दिया है। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के समर्थन के बाद अब राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव भी उनके पक्ष में मजबूती से उतर आए हैं। तेजस्वी ने इस कार्रवाई को ‘तानाशाही’ करार देते हुए केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है।

​पुराने मामलों के बहाने राजनीतिक घेराबंदी

​पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किए जाने पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि देश में इस वक्त विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियां केवल विपक्ष को दबाने का जरिया बन गई हैं। तेजस्वी के अनुसार, आजकल केवल तानाशाही चल रही है जो असली दोषी हैं उन्हें बचाया जा रहा है और जो जनता की आवाज उठाते हैं, उन निर्दोषों को फंसाया जा रहा है।

​NEET मामले और CBI की विश्वसनीयता पर सवाल

​तेजस्वी यादव ने केवल पप्पू यादव की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि NEET छात्रा मामले में चल रही सीबीआई जांच पर भी गंभीर संदेह व्यक्त किया। उन्होंने बिहार के पिछले बड़े घोटालों का हवाला देते हुए कहा
​सृजन घोटाला, बालिका गृह कांड और नागुणा मामला जैसे गंभीर केसों को सीबीआई के हवाले किया गया था, लेकिन आज ये सभी ‘ठंडे बस्ते’ में हैं।
​उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि ऐसी जांच का क्या अर्थ है जिसका कोई ठोस परिणाम न निकले और दोषियों को सजा न मिले।

​नीतीश सरकार के 20 वर्षों का लेखा-जोखा

​बिहार बजट और राज्य की स्थिति पर बोलते हुए तेजस्वी ने नीतीश कुमार की सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों से एनडीए शासन के बावजूद बिहार विकास के पैमानों पर ‘फिसड्डी’ बना हुआ है।
​कई बजट आए और गए, लेकिन बिहार की तस्वीर नहीं बदली। केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकार होने के बावजूद बिहार आज भी वहीं खड़ा है जहां वह दो दशक पहले था।

नई जिम्मेदारी और भविष्य की रणनीति

​आरजेडी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर तेजस्वी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसे बखूबी निभाएंगे। उन्होंने संकल्प लिया कि आने वाले समय में संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत किया जाएगा और जनता के मुद्दों को सड़क से सदन तक पूरी मजबूती के साथ उठाया जाएगा।