प्रमोद कुमार/कैमूर। एक तरफ जहां सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं, वहीं दूसरी तरफ चोरों की सक्रियता ने आम जनता की नींद उड़ा दी है। ताजा मामला कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र का है, जहां वार्ड नंबर 7 में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अस्पताल गई थी पीड़िता, पीछे से साफ हुआ घर
जानकारी के अनुसार, पीड़िता विंध्याचली देवी बीते कल रात लगभग 9 बजे अपने परिवार के एक सदस्य की तबीयत खराब होने के कारण अस्पताल गई थीं। घर पूरी तरह बंद था। सुबह जब उन्होंने अपने भाई को खाना बनाने के लिए घर भेजा, तो वहां का नजारा देख सबके होश उड़ गए। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी में रखे कीमती गहने समेत नकदी गायब थी। आनन-फानन में इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई।
पुलिस की गश्ती पर उठते सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुदरा पुलिस की लगातार पेट्रोलिंग के दावों के बावजूद अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र में चोरी की यह पहली घटना नहीं है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस का सूचना तंत्र और गश्ती टीम अपराधियों पर लगाम कसने में विफल साबित हो रही है।
थानाध्यक्ष का बयान
मामले पर कुदरा थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया कि पुलिस को आवेदन प्राप्त हुआ है और जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार पीड़िता के बयानों में कुछ विरोधाभास है। थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता कभी अस्पताल तो कभी बहन के घर जाने की बात कह रही है। साथ ही, मौके पर ताला टूटा हुआ नहीं पाया गया है, जिससे अंदेशा है कि चोरों ने ‘मास्टर चाबी’ का उपयोग किया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर कार्रवाई कर रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


