कुंदन कुमार/​पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कमान संभालने के बाद नितिन नवीन पहली बार राजधानी पटना पहुंच रहे हैं। उनके इस पहले बिहार आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा ने भव्य स्वागत की व्यापक तैयारियां की हैं। कल पटना एयरपोर्ट पर उनके उतरते ही कार्यकर्ताओं का हुजूम उनका स्वागत करेगा, जिसके बाद पूरा शहर भाजपा के रंग में रंगा नजर आएगा।

​बापू सभागार में होगा अभिनंदन समारोह

​एयरपोर्ट से नितिन नवीन सीधे पटना के बापू सभागार पहुंचेंगे। यहां बिहार भाजपा की ओर से एक विशाल अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया है। इस कार्यक्रम में बिहार भाजपा के सभी दिग्गज नेताओं सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। यह आयोजन न केवल उनके स्वागत के लिए है, बल्कि आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने का माध्यम भी बनेगा।

​जेपी को नमन और सांगठनिक बैठकें

​सांस्कृतिक और औपचारिक स्वागत के बाद, नितिन नवीन लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आवास जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके पश्चात वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में सदन की रणनीति और सांगठनिक मजबूती पर चर्चा होने की संभावना है।

​बजट सत्र और कार्यकर्ताओं से संवाद

​नितिन नवीन का यह दौरा दो दिवसीय होगा। परसों वे बिहार विधानसभा के बजट सत्र में भाग लेंगे। इसके उपरांत वे अपने निर्वाचन क्षेत्र बांकीपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ विशेष बैठक करेंगे। बिहार भाजपा के नेताओं का कहना है कि नितिन नवीन का यह दौरा कार्यकर्ताओं के मनोबल को सातवें आसमान पर ले जाएगा।