भागलपुर। जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां इंटरमीडिएट की परीक्षा देने आए एक 18 वर्षीय छात्र की गंगा नदी में डूबने से जान चली गई। यह हादसा रविवार सुबह सबौर थाना क्षेत्र में हुआ। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के छोटी भरगामा निवासी मुकेश कुमार (पिता- चितरंजन यादव) के रूप में हुई है।
फूफा के घर रहकर दे रहा था परीक्षा
मुकेश अपनी इंटर की परीक्षा के लिए भागलपुर आया हुआ था। वह सबौर थाना क्षेत्र के बाबूपुर (वार्ड नंबर 3) में अपने फूफा संजय यादव के घर पर रुका था। रविवार की सुबह वह अपने एक साथी के साथ गंगा स्नान के लिए घाट पर गया था। स्नान के दौरान गहराई का अंदाजा न मिलने और पानी का बहाव तेज होने के कारण वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में समा गया।
अस्पताल की दहलीज पर तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचित किया। मौके पर सबौर थाना पुलिस, डायल 112 और SDRF की टीम पहुंची। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने मुकेश को नदी से बाहर निकाला। उसे आनन-फानन में मोटरसाइकिल पर लादकर शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बदकिस्मती से अस्पताल के गेट पर पहुंचते-पहुंचते उसने दम तोड़ दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही हादसे की खबर मुकेश के घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परीक्षा के उत्साह के बीच बेटे की मौत की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामला स्पष्ट रूप से डूबने का है, फिर भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खतरनाक घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में किसी और छात्र का भविष्य इस तरह पानी में न डूबे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


