पवन राय, मंडला। जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बिछिया पुलिस ने जुए के एक बड़े अड्डे पर आधी रात छापा मारकर लाखों की नगदी और वाहन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 4 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। अवैध जुए के खिलाफ मंडला पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बीती रात बिछिया पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी।

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने ग्राम फोंक सिझौरा में छापामार कार्रवाई की। पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि गांव में एक मकान के अंदर बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है।

सूचना की पुष्टि होने के बाद उप पुलिस अधीक्षक सतीष चतुर्वेदी के नेतृत्व में चार अलग-अलग पुलिस दलों ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उमेश राय उर्फ मुनिया के घर से जुआ खेलते हुए 7 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में बिछिया, बरगी, बम्हनी, परवाड़ा और अंजनिया क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि जुआ खिलाने वाले और रकम की कटिंग करने वाले चार अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 3 लाख 21 हजार 200 नगद, 8 मोबाइल फोन,तीन चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त की गई नकदी, वाहन और मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत करीब 19 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m