शिखिल ब्यौहार, भोपाल। सुप्रीम कोर्ट में आज मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह के विवादित बयान के मामले की अहम सुनवाई होनी है। यह मामला भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है, जो ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान सुर्खियों में रहीं थीं।
मई 2025 में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंत्री विजय शाह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि “जिन्होंने हमारी बेटियों का सिंदूर उजाड़ा, उनकी बहन को भेजकर…” जैसी बातें, जिसे सेना अधिकारी के खिलाफ अपमानजनक और सांप्रदायिक माना गया। इस बयान पर देशव्यापी आक्रोश हुआ, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज करने के निर्देश दिए थे।
मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। 19 जनवरी 2026 को हुई पिछली सुनवाई में कोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार को दो हफ्ते के अंदर मंत्री विजय शाह के खिलाफ अभियोजन (प्रोसिक्यूशन) की मंजूरी देने या न देने का फैसला लेने का निर्देश दिया था। आज 9 फरवरी को इसी मामले में सुनवाई है, जहां राज्य सरकार को अपना जवाब पेश करना है। कोर्ट आज इस पर अंतिम निर्णय या आगे की दिशा तय कर सकता है।
बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे सीएम डॉ मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे। सीएम महाराष्ट्र के गोंदिया एयरपोर्ट होते हुए बालाघाट पहुंचेंगे। उनका आगमन दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है। बालाघाट में वे गृह विभाग के महत्वपूर्ण प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें नक्सल विरोधी अभियानों में अदम्य साहस दिखाने वाले सुरक्षा बल के जवानों को सम्मानित किया जाएगा। खासतौर पर 60 जवानों को आउट-ऑफ-टर्न प्रमोशन (पूर्व पदोन्नति) दी जाएगी।
दोपहर 12 बजे से लेकर लगभग 3 बजे तक मुख्यमंत्री बालाघाट में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इनमें विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, भूमिपूजन और अन्य सौगातें शामिल हो सकती हैं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे मुख्यमंत्री भोपाल स्थित शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर पहुंचेंगे। यहां वे छात्रों से परीक्षा की तैयारी, चुनौतियों और सुझावों पर खुली चर्चा करेंगे। यह इंटरैक्टिव सेशन छात्रों के लिए प्रेरणादायक होगा।
गौवंश- दूषित पानी के मुद्दे पर कांग्रेस का प्रदर्शन
राजधानी भोपाल में गौ मांस विवाद और इससे जुड़े दूषित पानी के मुद्दे पर आज फिर से तनाव बढ़ने वाला है। कांग्रेस और हिंदू संगठन दोनों अलग-अलग स्तर पर विरोध जता रहे हैं। पिछले दिनों भोपाल नगर निगम के स्लॉटर हाउस से 26 टन से ज्यादा गौ मांस पकड़े जाने के बाद पूरे मामले में हंगामा मचा हुआ है। जांच में गौवंश की हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद स्लॉटर हाउस सील कर दिया गया। लेकिन अब आरोप है कि स्लॉटर हाउस के गंदे पानी और अवशेषों को पात्रा नाले के जरिए हलाली डैम में छोड़ा जा रहा है, जिससे पानी दूषित हो रहा है और लोगों को गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
आज कांग्रेस पार्टी भोपाल नगर निगम के मुख्य दफ्तर (ISBT परिसर) का घेराव करेगी। पार्टी कार्यकर्ता बड़ा प्रदर्शन करने वाले हैं, जिसमें पुतला दहन और जोरदार नारेबाजी की संभावना है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार में नाक के नीचे गौ हत्या हो रही है और दूषित पानी की समस्या पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। पार्टी ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और महापौर/निगम अधिकारियों के खिलाफ जांच की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


