अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के करगहर थाना क्षेत्र के परानडीहरा गांव में रविवार को एक विवाहिता ने पारिवारिक कलह से तंग आकर सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सुनैना कुमारी के रूप में हुई है। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, सल्फास की गोली खाने के बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे करगहर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय ने बताया कि नासरीगंज थाना क्षेत्र के मौना तरांव निवासी रामायण राम ने अपनी बहन सुनैना कुमारी की शादी लगभग चार वर्ष पूर्व करगहर थाना क्षेत्र के खैरा शाहमल ग्राम पंचायत अंतर्गत परानडीहरा निवासी सुरेश राम के पुत्र राजकुमार राम से की थी। मृतका को एक पुत्र और एक पुत्री है।

मृतका के भाई रामायण राम ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को पति, सास और ससुर द्वारा लगातार पारिवारिक कलह, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। कई बार समझाने-बुझाने के प्रयास के बावजूद ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। प्रताड़ना से तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि जहर खाकर आत्महत्या की सूचना मृतका के भाई द्वारा दी गई है। सूचना के आलोक में पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। पति, सास और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतका के भाई के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

ये भी पढ़ें- भागलपुर में इंटर की परीक्षा देने आए छात्र की गंगा में डूबने से मौत, परिजनों में कोहराम