Sports News Update : T20 World Cup 2026 का रोमांच दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. टूर्नामेंट के पहले दो दिनों में खेले गए मुकाबलों ने फैंस को भरपूर मनोरंजन दिया, वहीं अब सभी की निगाहें तीसरे दिन के मैचों पर टिकी हैं. 9 फरवरी को ग्रुप स्टेज के तहत कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें अलग-अलग महाद्वीपों की टीमें एक-दूसरे को चुनौती देती नजर आएंगी. खास बात यह है कि इसी दिन एक टीम टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार कदम रखेगी. पढ़ें पूरी खबर : तीसरे दिन खेले जाएंगे 3 मुकाबले

Sports News Update

बॉक्सम एलीट चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाजों का जलवा

ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन और पूर्व युवा विश्व चैंपियन अरुंधति चौधरी की अगुआई में भारत ने बॉक्सैम एलीट इंटरनेशनल 2026 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 स्वर्ण पदक जीते. शनिवार को सात एलीट महिला फाइनल में भारतीयों ने प्रतिनिधित्व किया. वहीं 54 किग्रा वर्ग में फाइनल दो भारतीयों के बीच हुआ. भारतीय महिलाओं ने प्रत्येक में स्वर्ण पदक जीता. बॉक्सैम एलीट 2026 में 20 देशों के 200 से अधिक मुक्केबाजों ने भाग लिया. भारत नौ स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य पदक के साथ प्रतियोगिता में सबसे सफल रहा. भारतीय महिलाओं ने अंतिम दिन बेहतरीन प्रदर्शन किया. मंजू रानी (48 किग्रा) और नीतू (51 किग्रा) ने क्रमशः स्पेन की मार्टा लोपेज और नोएलिया गुटिरेज पर सर्वसम्मत जीत के साथ शुरुआत की. फिर पूनम (54 किग्रा) ने एक कड़े मुकाबले वाले हमवतन प्रीति को हराया.

मध्यस्थता करने पाकिस्तान पहुंचे ICC अधिकारी

टी-20 विश्वकप में भारत के साथ 15 फरवरी को प्रस्तावित मैच का पाकिस्तान ने बहिष्कार करने का निर्णय लिया है. इस मसले को सुलझाने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ वार्ता करने के लिए अपने डिप्टी चेयर इमरान ख्वाजा को मध्यस्थ नियुक्त किया है. ख्वाजा और आईसीसी निदेशक मुबाशीर उस्मानी रविवार को लाहौर पहुंचे. आईसीसी का दल पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से बातचीत कर मामला हल करने का प्रयास कर रहा है. पीसीबी सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी लाहौर पहुंचे हुए हैं. पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकता दिखाने के लिए भारत से मैच नहीं खेलने का निर्णय लिया है.

पहली बार रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंची उत्तराखंड टीम

उत्तराखंड ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टरफाइनल में झारखंड पर पारी और छह रन से बड़ी जीत दर्ज करते हुए पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया. 2018 में बनी टीम पहली बार क्वार्टरफाइनल से आगे बढ़ सकी. इस जीत का श्रेय मयंक मिश्रा (कुल 8 विकेट), अभय नेगी (4 विकेट) की शानदार गेंदबाजी के साथ जगदीश सुचिथ (70) की बल्लेबाजी को गया.

झारखंड को पहली पारी में 235 पर समेटने के बाद उत्तराखंड ने 371 रन बनाए. जगदीश सुचिथ ने 172 गेंदों की पारी में छह चौके लगाकर 70 रन बनाए. वहीं, अभय नेगी ने 122 गेंदों में 46 रन का योगदान देकर टीम को 136 रन की बढ़त दिलाई. दूसरी पारी में झारखंड के बल्लेबाज उत्तराखंड के मयंक (5/22) और अभय (4/36) की शानदार गेंदबाजी के सामने बेबस दिखी. टीम ने 3 विकेट पर 100 रन बना लिए थे, पर फिर 30 रन के अंदर 7 विकेट खो दिए. कप्तान विराट (55) और कुमार कुशाग्रा (34) के अलावा कोई खिलाड़ी 10 का आंकड़ा भी नहीं छू सका.

डेविस कप में भारत ने नीदरलैंड को 3-2 से हराया

दक्षिणेश्वर सुरेश ने यादगार प्रदर्शन करते हुए निर्णायक पांचवां मुकाबला अपने नाम कर भारत को रविवार को डेविस कप में नीदरलैंड पर 3-2 से जीत दिलाई जिससे भारत ने क्वालीफायर्स के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया. दूसरी बार डेविस कप खेल रहे 25 वर्ष के दक्षिणेश्वर ने दोनों एकल मुकाबले और युकी भांबरी के साथ युगल मुकाबला जीता जिससे लिएंडर पेस के 2004 में जापान के खिलाफ किये गए चमत्कारिक प्रदर्शन की याद जाता हो गई. पेस ने उस समय दोनों एकल और एक युगल मैच जीतकर अकेले दम पर भारत को जीत दिलाई थी. इसके बाईस साल बाद विश्व रैंकिंग में 465वें स्थान पर काबिज दक्षिणेश्वर ने उसी तरह का यादगार प्रदर्शन करते हुए पांचवें मुकाबले में गाय डि ओडेन को 6-4, 7-6 से हराया. मुकाबला जीतते ही दक्षिणेश्वर पीठ के बल लेट गए और सारे साथी खिलाड़ी उन्हें गले लगाने दौड़ पड़े. भारतीय टीम ने उन्हें कंधे पर उठा लिया.