UP Budget Session 2026-27: उत्तर प्रदेश विधान मंडल के बजट सत्र 2026-27 के अवसर पर सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन परिसर में सदस्यों के लिए आयोजित ‘विशेष स्वास्थ्य शिविर’ का उद्घाटन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने मीडिया के माध्यम से सभी सदस्यों से सदन की गरिमा बनाए रखते हुए कार्यवाही को शांतिपूर्ण, सुचारू और जनहित में सफल बनाने का आह्वान किया.

वहीं सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सीएम योगी ने पत्रकारों को संबोधित किया. सीएम ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों और भावी कार्ययोजना का एक महत्वपूर्ण दस्तावेज होता है, जिसे राज्यपाल के माध्यम से सदन के पटल पर रखते हुए पूरे प्रदेश की जनता-जनार्दन को समर्पित किया जाता है.

इसे भी पढ़ें : योगी की पाती… सीएम ने बच्चों के नाम लिखा पत्र, मोबाइल की लत, चाइनीज मांझे को लेकर दी समझाइश, आगामी परीक्षाओं के लिए दिया सफलता का मंत्र

योगी ने कहा कि सामान्य बजट 11 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके पश्चात उस पर चर्चा की जाएगी. अंत में अनुदान मांगों को पारित किए जाने के साथ यह बजट सत्र, जो आज 9 फरवरी से प्रारंभ होकर 20 फरवरी तक चलेगा. इसी कार्यक्रम के अनुरूप बजट सत्र की कार्यवाही निर्धारित की गई है. योगी ने आगे कहा कि हम लोगों ने उत्तर प्रदेश को उसके बीमारूपन से उबारकर भारत की अर्थव्यवस्था के एक ‘ब्रेक-थ्रू’ के रूप में स्थापित किया है. इस परिवर्तन के सभी कारकों और उत्तर प्रदेश की आर्थिक उन्नयन की इस यात्रा को जानने का अधिकार सभी जनप्रतिनिधियों और प्रदेश की जनता-जनार्दन को होना चाहिए.