अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले के आयरकोठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरांव कलां पंचायत के अहराव गांव में पिछले कई दिनों से एक ही मोहल्ले में हो रही सिलसिलेवार अगलगी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। आग लगने के कारणों का पता न चलने से परेशान ग्रामीण अब आपसी आरोप-प्रत्यारोप और अंधविश्वास की शरण में जाने लगे हैं, जिससे गांव में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है।

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा

​मामले की गंभीरता को देखते हुए डेहरी एसडीएम निलेश कुमार और एएसपी अतुलेश झा ने गांव का दौरा किया। अधिकारियों ने पीड़ित जगन्नाथ राम, मुसहरी राम, धनजी राम और रामजीत राम के जले हुए घरों का सूक्ष्म निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष शिवम कुमार की सूचना पर पहुंचे इन अधिकारियों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से लंबी पूछताछ की ताकि आग लगने की असली वजह तलाशी जा सके।

​अंधविश्वास से बचने की अपील

​निरीक्षण के दौरान एसडीएम निलेश कुमार ने स्पष्ट किया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि यह कोई प्राकृतिक कारण है या शरारत। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे भूत-प्रेत या अंधविश्वास के चक्कर में पड़कर आपसी भाईचारा न बिगाड़ें। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल की तैनाती और आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

मिलेगी सरकारी सहायता

​प्रशासन ने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए आपदा राहत कोष से सहायता राशि देने और पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से जोड़ने का आश्वासन दिया है। वहीं मुखिया ददन पासवान ने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है ताकि एक ही मोहल्ले को बार-बार निशाना बनने वाली इस ‘अनसुलझी पहेली’ का सच सामने आ सके।