लखनऊ. भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर अखिलेश यादव भाजपा पर लगातार हमलावर हैं. एक बार फिर सपा सुप्रीमो ने करारा हमला बोलते हुए कई सवाल किए हैं. अखिलेश यादव ने कहा, जब सब कुछ विदेश से आयेगा तो किसान क्या उगाएगा? क्या बेच पाएगा? क्या कमाएगा? कैसे अपना घर बनाएगा-चलाएगा? कैसे बच्चों को पढ़ाएगा? कैसे घर के बुजुर्गों का इलाज करवाएगा? कैसे बेटियों को हँसी-ख़ुशी विदा कर पाएगा? कैसे अपने भविष्य के लिए दो पैसे जमा कर पाएगा? मतलब आज क्या खाएगा, कल के लिए क्या बचा पाएगा?

इसे भी पढ़ें- विदेश से आई नशे की खेप! एयरपोर्ट में 2.05 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त, तस्करी का तरीका जानकर पकड़ लेंगे माथा

आगे अखिलेश यादव ने ये भी कहा कि किसानों को नुकसान पहुंचाकर, हमारे देश में कोई भी सरकार चल नहीं सकती है. किसान और किसानी विरोधी भाजपा सरकार स्पष्ट करे कि विदेशियों के सामने अपने हितों का समर्पण करने की मजबूरी क्या है. भाजपा कभी भूमि अधिग्रहण लाकर खेती-किसानी को हड़पने का षड्यंत्र करती है, कभी काले-क़ानूनों से किसानों को मौत के मुंह में ढकेल देती है.

इसे भी पढ़ें- ये हत्या है या फिर आत्महत्या! एक ही परिवार के 5 लोगों की मिली लाश, शवों के पास मिले दूध के गिलास, मौत की मिस्ट्री सुलझाने में जुटी खाकी

आगे उन्होंने ये भी कहा कि भाजपाई सोच बिचौलियों वाली है, वो पैदावार-उत्पादन की जगह बीच में कमीशनख़ोरी से सिर्फ़ अपना पेट भरना जानती है. ‘खेती-किसानी’ के बीच ही नहीं, ‘किसानों’ के बीच भी बैठे भाजपाई बिचौलियों का भंडाफोड़ होना चाहिए. किसान कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा! भाजपा जाए तो खेतीबाड़ी बच पाए!