रायपुर। घर बनाना आम आदमी के लिए मुश्किल होता है. ऊपर से बढ़ते हुए बिल्डिंग मैटेरियल के दामों से हालत और खराब कर दी है, ऐसे में बीते कुछ हफ्तों में TMT सरिया के दाम लगातार ऊपर जाने से घर बनाने का खर्च और बढ़ गया है.

यह भी पढ़ें : CG Police Transfer : पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर फेरबदल, TI, SI और ASI समेत 69 पुलिसकर्मी हुए इधर से उधर, देखें पूरी लिस्ट

बीते कुछ महीनों में सरिया की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की गई थी. नवंबर के आखिर में इसके भाव काफी नीचे आ गए थे, जिससे कंस्ट्रक्शन कॉस्ट कम होने की उम्मीद बनी थी. लेकिन जनवरी के मध्य से हालात बदल गए. इसके बाद सरिया के दामों में तेजी आई और यह बढ़त अब तक जारी है.

ताजा रेट्स पर नजर डालें तो दिल्ली में सरिया लगभग 48,900 रुपए प्रति मीट्रिक टन के स्तर पर पहुंच चुका है. 28 नवंबर की तुलना में अब सरिया कई शहरों में काफी महंगा हो गया है. राजधानी रायपुर की बात करें तो कीमत में 6,400 रुपए प्रति मीट्रिक टन की बढ़ोतरी हुई है.

बजट बिगड़ने का सता रहा डर

सरिया घर की मजबूती का आधार होता है, और निर्माण लागत में इसकी हिस्सेदारी सबसे ज्यादा होती है. ऐसे में इसके महंगा होते ही कुल हाउस कंस्ट्रक्शन कॉस्ट भी बढ़ जाती है. जिन लोगों ने सरिया सस्ता होने के इंतजार में निर्माण टाला था, उनके लिए अब बजट बिगड़ने का खतरा बढ़ गया है.

मांग में बढ़ोतरी के साथ एमओयू भी वजह

छत्तीसगढ़ मिनी स्टील प्लांट एसोसिएशन के महासचिव मनीष धुप्पड़ ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने में सरिया की कीमत में प्रति टन करीबन 4 हजार रुपए की बढ़ोतरी हुई है. इसके पीछे एक तरफ डिमांड में बढ़ोतरी है, तो दूसरी ओर अमेरिका और अन्य देशों से हुआ एमओयू भी है. पूरी दुनिया में दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च के दौरान सरिया की कीमतों में बढ़ोतरी होती है.