राजधानी दिल्ली में लापरवाही से जुड़ी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कमल ध्यानी की जल निगम के गड्ढे में गिरकर हुई मौत को अभी कुछ दिन ही बीते थे कि अब रोहिणी में एक और युवक की जान खुले नाले में गिरने से चली गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला रोहिणी सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास का है। जानकारी के अनुसार, एक युवक खुले नाले में गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रोहिणी में नाले में गिरा युवक

मंगलवार को रोहिणी सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास एक युवक खुले नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बेगमपुर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने युवक की तलाश में नाले के भीतर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद युवक को नाले से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना सामने आते ही डीडीए और संबंधित एजेंसियां आनन-फानन में हरकत में आ गईं। खामियों को छिपाने के आरोपों के बीच खुले सीवर और नालों को तुरंत बंद करने का काम शुरू कर दिया गया। पुलिस ने एहतियातन करीब 300 मीटर के दायरे में बैरिकेड्स लगा दिए हैं और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सूत्रों के मुताबिक, डीडीए ने करीब छह माह पहले ही इस इलाके में नाले और सीवर का निर्माण कराया था। हालांकि, निर्माण के दौरान कुछ हिस्सों पर ढक्कन लगाए गए थे, लेकिन ज्यादातर भाग खुला ही छोड़ दिया गया था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

घटना के बाद लोगों को सूचना दी

पुलिस अधिकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब सूरज को उसका साथी बिरजू नहीं मिला तो उसने उसकी तलाश शुरू की। शुरुआत में वह अपहरण की आशंका जताता रहा। लेकिन जब वह दोबारा उस इलाके में पहुंचा तो सीवर के पास बिरजू की चप्पल पड़ी देख उसे याद आया कि रात में बिरजू सीवर में गिर गया था। इसके बाद सूरज ने निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे मजदूरों को सूचना दी। सूरज के दोस्तों के मुताबिक, पुलिस को दोपहर करीब 2:30 बजे सूचना दे दी गई थी।आरोप है कि सूचना के बावजूद प्रशासन ने तुरंत गंभीरता नहीं दिखाई। शाम करीब 7 बजे के बाद बड़ी मशीन मंगवाई गई, जिससे सीवर का पानी निकाला गया। पानी निकलने के बाद ही बिरजू को बाहर निकाला जा सका। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते रेस्क्यू ऑपरेशन तेज किया जाता, तो शायद जान बचाई जा सकती थी।

फायर ब्रिगेड टीम ने किया रेस्क्यू, पर नहीं बच पाई जान

इससे पहले दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरकर 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत हो गई थी। कमल उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद का रहने वाला था और एक बैंक में टेलीकॉलर के रूप में काम करता था। वह दिल्ली के कैलाश पुरी इलाके में रहता था। बताया गया कि कमल देर रात रोहिणी से घर लौट रहा था। जनकपुरी क्षेत्र के जोगिंदर सिंह मार्ग पर लगभग दो किलोमीटर लंबी सर्विस रोड की मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वह मरम्मत के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया। आरोप है कि कमल करीब आठ घंटे तक उसी गड्ढे में पड़ा तड़पता रहा, लेकिन समय पर उसे मदद नहीं मिल सकी। रोहिणी में खुले नाले में युवक की मौत और उससे पहले कमल ध्यानी की हादसे में जान जाने की घटनाओं ने दिल्ली में चल रहे निर्माण कार्यों और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग आरोप लगा रहे हैं कि मरम्मत और निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा।

तीन अहम सवाल

अगर जमीन खाली थी तो वहां चारदीवारी क्यों नहीं की गई?

डीडीए ने मौके पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था क्यों नहीं की?

सीवर पर शिकायतों के बाद भी ढक्कन क्यों नहीं लगाया गया?

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाते तो यह हादसा टाला जा सकता था।

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि सीवर का ढक्कन काफी समय से टूटा या खुला पड़ा था। न तो वहां बैरिकेड लगाए गए थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। उन्होंने कहा, “हमने कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। जमीन खाली पड़ी थी, वहां सुरक्षा के लिए चारदीवारी या लाइट की व्यवस्था की जानी चाहिए थी।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m