कुंदन कुमार/पटना। बिहार विधानसभा के 7वें दिन सदन की कार्यवाही शुरू हो गई है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले राजद विधायक भाई वीरेन्द्र ने सरकार को बढ़ते अपराध और हालिया पुलिस एनकाउंटर्स पर घेरा। पटना में सूर्या डॉन के साथ हुई मुठभेड़ (जो नई सरकार में 10वां एनकाउंटर है) का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक विशेष जाति और समुदाय को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि अपराधी हर जाति में होते हैं, लेकिन सरकार चुनिंदा लोगों को संरक्षण देकर दूसरों पर कार्रवाई कर रही है।
सदन के पोर्टिको में प्रदर्शन और नारेबाजी
राजद विधायकों ने विधानसभा के पोर्टिको में सरकार विरोधी नारेबाजी की। “भ्रष्टाचारियों और अपराधियों की सरकार नहीं चलेगी” के नारों के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन पहुंचे। आज सदन में 5 विभागों का बजट पेश होना है, जिसमें से एक पर दूसरे पहर में विस्तृत चर्चा प्रस्तावित है।
विधान परिषद में तीखी झड़प और मार्शल आउट
विधान परिषद में माहौल और भी ज्यादा तनावपूर्ण रहा। मुख्यमंत्री द्वारा राबड़ी देवी पर दिए गए बयान को लेकर राजद पार्षदों ने वेल में आकर प्रदर्शन किया। सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए विपक्षी सदस्यों को पूरे दिन के लिए सदन से बाहर (मार्शल आउट) करने का आदेश दिया।
मंत्री अशोक चौधरी और सुनील सिंह के बीच ‘तू-तू मैं-मैं’
सदन के भीतर मंत्री अशोक चौधरी और राजद के सुनील सिंह के बीच व्यक्तिगत छींटाकशी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ने एक-दूसरे को ‘औकात’ देख लेने की चुनौती दी। सुनील सिंह ने मंत्री को ‘टपोरी’ कहा और मारपीट की कोशिश का आरोप लगाया, वहीं उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने इसे दलित मंत्री का अपमान बताते हुए माफी की मांग की है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


