पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे (General MM Naravane) की आगामी किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित लीक मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (Penguin Random House India) को नोटिस जारी किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार मंचों पर ऐसी खबरें सामने आई थीं कि किताब की एक प्री-प्रिंट कॉपी सार्वजनिक रूप से प्रसारित की जा रही है। इन रिपोर्ट्स का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। इसी कड़ी में प्रकाशक से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि प्री-प्रिंट कॉपी कैसे बाहर पहुंची और किन-किन लोगों को यह अग्रिम रूप से उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित लीक से जुड़े तथ्यों में कितनी सच्चाई है और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही या आपराधिक तत्व शामिल हैं।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की अप्रकाशित किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित लीक मामले में पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया (PRHI) को नोटिस जारी किया है। इंडिया टुडे में छपी खबर के मुताबिक, नोटिस में अप्रकाशित किताब से जुड़े कई सवालों के जवाब मांगे गए हैं और प्रकाशक से जांच में सहयोग करने को कहा गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पर पेंगुइन इंडिया ने अपनी सफाई में कहा है कि नरवणे की किताब न तो छपी, न बिकी और न ही किसी को बांटी गई है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि किताब का प्रिंट या पीडीएफ फॉर्म में शेयर करना कॉपीराइट का उल्लंघन है और इसे तुरंत रोका जाना चाहिए। खुद जनरल एम एम नरवणे ने भी पेंगुइन इंडिया के इस दावे को सही ठहराया है और पुष्टि की है कि किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है।

किताब को लेकर इतनी चर्चा कैसे शुरू हुई?

बीते हफ्ते यह विवाद तब शुरू हुआ, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर बहस के दौरान अपनी बात रखते हुए पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कुछ हिस्सों का जिक्र किया। उन्होंने इसे ‘प्रिंट से पहले का’ स्वरूप बताया। राहुल गांधी के इस भाषण के बाद सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई, यह कहते हुए कि यह अप्रकाशित किताब के सामग्री का सार्वजनिक रूप से उल्लेख करना उचित नहीं है। इसके कारण संसद की कार्यवाही कई बार स्थगित हुई।

राहुल ने किया साल 2023 की पोस्ट का जिक्र

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ से जुड़े एक पुराने ट्वीट का भी हवाला दिया। राहुल गांधी के मुताबिक, नरवणे ने 15 दिसंबर, 2023 को ट्विटर (अब X) पर लिखा था: “हैलो दोस्तों, मेरी किताब अब उपलब्ध है। बस लिंक को फॉलो कीजिए। हैपी रीडिंग, जय हिंद।”

‘प्रकाशक झूठ बोल रहा है या फिर नरवणे’

लोकसभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के लीक विवाद में या तो प्रकाशक झूठ बोल रहा है या फिर जनरल एम एम नरवणे। राहुल गांधी ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल नरवणे झूठ बोलेंगे। किताब में सरकार और प्रधानमंत्री के लिए कुछ असहज बातें लिखी गई हैं। मैं पेंगुइन की बजाय नरवणे जी की बात पर भरोसा करता हूं।” उनका यह बयान इस ओर इशारा करता है कि किताब के कथित लीक और प्रकाशक के दावों पर भरोसा करने के बजाय, वह खुद लेखक नरवणे के शब्दों और जानकारी पर भरोसा जताते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m