अविनाश श्रीवास्तव/​सासाराम। बिहार के रोहतास जिले में आपसी विवाद के खूनी संघर्ष में तब्दील होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पड़सरा गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। घायल की पहचान काली सिंह के 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है।

​शादी समारोह का विवाद बना खूनी रंजिश

जानकारी के अनुसार, भोरमा गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान पड़सरा निवासी धर्मेंद्र यादव और राजू कुमार के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस के दौरान राजू ने धर्मेंद्र को अंजाम भुगतने और गोली मारने की धमकी दी थी। बुधवार सुबह जब धर्मेंद्र अपने गांव में था, तभी राजू ने बीती रात की रंजिश को लेकर अपनी बंदूक से धर्मेंद्र की कमर में गोली दाग दी और मौके से फरार हो गया।

​बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर

​गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल को सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी (हायर सेंटर) रेफर कर दिया है।

​पुलिस की कार्रवाई और छापेमारी

​मामले की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी-1 दिलीप कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। डीएसपी ने पुष्टि की कि आरोपी राजू कुमार की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा।