वीरेंद्र कुमार/नालंदा। जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। महमदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय अनिल कुमार के बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है।

​पुण्यतिथि के बाद सूने घर का उठाया फायदा

​पीड़ित गृहस्वामी रीना सिन्हा ने बताया कि बीते 30 जनवरी को परिवार के सदस्य एक पुण्यतिथि कार्यक्रम के बाद बिहार शरीफ स्थित एतवारी बाजार चले गए थे। घर पूरी तरह बंद था, जिसका फायदा उठाते हुए अपराधियों ने इस बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर के भीतर रखी गोदरेज की अलमारी को तोड़कर 3 किलो सोना, 8 किलो चांदी, कीमती चांदी के बर्तन और 50,000 नगद चोरी कर लिए।

​शातिर दिमाग: पुराना ताला हटाकर नया लगाया

​चोरों की चालाकी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने चोरी करने के बाद मुख्य द्वार का पुराना ताला हटाकर वहां नया ताला जड़ दिया, ताकि बाहर से देखने वाले को सब कुछ सामान्य लगे। हालांकि, ऊपरी मंजिल का एक दरवाजा खुला रह जाने के कारण परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद इस मेगा चोरी का खुलासा हुआ।

​जांच में जुटी फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड की टीम

​इतनी बड़ी रकम और जेवरात की चोरी की सूचना मिलते ही जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया है। पुलिस वीडियोग्राफी के जरिए साक्ष्यों को संकलित कर रही है।

​गांव में चर्चा का बाजार गर्म

​एक ओर जहां इस घटना से इलाके में दहशत है, वहीं ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय भी बना हुआ है कि एक पूर्व मुखिया के घर इतनी बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकदी कहां से आई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।