रायगढ़। कर्ज देने के बाद वसूली नहीं होने से परेशान कोसा व्यापारी ने उधारी वसूली के लिए अनोखा तरीका इख्तियार किया है। व्यापारी के अनुसार, वह कोसा साड़ियों का व्यापार करता है। उसने दुकानदारों को साड़ियों की डिलीवरी दी थी, लेकिन दुकानदार उसे उसकी राशि नहीं चुका रहे हैं। बकाया राशि करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।


राशि वापस नहीं मिलने से व्यापारी पूरी तरह टूट चुका है। उधारी वसूली के लिए उसने एक रथ तैयार किया, जिसमें मां काली की तस्वीर के साथ उन दुकानदारों की फोटो लगाई गई है, जिनसे उसे पैसे लेने हैं। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ दंडवत यात्रा कर रहा है।
रायगढ़ के रहने वाले मनोज देवांगन कोसा साड़ी के व्यापारी हैं। वह अपने पिता सुरेंद्र देवांगन के साथ कोसा साड़ी का व्यापार करते हैं। वे कोसा साड़ी के थोक व्यापारी हैं और कपड़ा दुकानदारों को कोसा की साड़ियां बेचने के लिए देते हैं। दुकानदार साड़ियों की बिक्री होने के बाद उनकी राशि का भुगतान करते हैं। व्यापारी मनोज देवांगन का आरोप है कि लंबे समय से दुकानदार साड़ी लेने के बावजूद भुगतान नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते वे आर्थिक संकट में घिर गए हैं। बाजार से वसूली नहीं होने के कारण वे आर्थिक के साथ-साथ मानसिक रूप से भी टूट चुके हैं। बार-बार दुकानदारों के चक्कर लगाने के बावजूद रकम नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस में इसकी शिकायत भी की है। इसी तनाव के चलते उनके पिता सुरेंद्र देवांगन को हार्ट अटैक आ गया। इलाज के लिए पैसे नहीं होने के कारण उन्हें रिश्तेदारों से मदद लेकर इलाज कराना पड़ा।
रथ के साथ दंडवत यात्रा कर अनोखा विरोध प्रदर्शन
उधारी नहीं मिलने से पूरी तरह परेशान हो चुके व्यापारी मनोज देवांगन ने एक अनोखा तरीका उधारी वसूली के लिए इख्तियार किया। उन्होंने एक रथ तैयार किया और उसमें जिन दुकानदारों और कर्जदारों से रकम वापस लेनी है, उनकी तस्वीर लगाई। साथ ही मां काली की तस्वीर और भगवान की तस्वीर भी रथ में लगाई। इस रथ के साथ वह पैदल चल कर दंडवत यात्रा कर रहे हैं। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की शुरूआत करते हुए व्यापारी मनोज देवांगन, उनकी पत्नी और परिवार मंदिरों में मत्था टेककर अपनी उधारी वापसी की कामना कर रहा है।
मां काली ने दिया सपने में दर्शन
व्यापारी मनोज देवांगन ने बताया कि वह रकम की वसूली नहीं होने से परेशान होकर काली माता के मंदिर दर्शन करने गया था। वहां से वापसी के बाद उसी रात उसे काली माता ने सपने में दर्शन दिया। मां काली ने उसे उधारी की वसूली के लिए रास्ता बताते हुए बताए हुए मार्ग पर चलने के लिए आश्वासन दिया। व्यापारी मनोज देवांगन के अनुसार मां काली के आदेशानुसार ही वह इस तरह से रथ तैयार कर दंडवत यात्रा कर रहा है। व्यापारी की यात्रा की शहर में चर्चा फैली हुई है।
एडिशनल एसपी ने कहा कि जांच जारी है
व्यापारी मनोज देवांगन का आरोप है कि उसने इस मामले में पुलिस में भी शिकायत की है पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। वही इस मामले में एडिशनल एसपी अनिल सोनी का कहना है कि व्यापारी सुरेंद्र देवांगन और उनके पुत्र मनोज देवांगन ने पुलिस के समक्ष उपस्थित होकर माल सप्लाई करवा रकम नहीं चुकाने की शिकायत की हैं। उनकी शिकायत की जांच जारी है। उनके द्वारा शिकायत पत्र में जिनके ऊपर आरोप लगाए गए हैं उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी और उनका कथन लिया जाएगा। इसके बाद विधिवत कार्रवाई की जाएगी।
देखिये वीडियो-
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


