Bihar Top News Today 11 february 2026: बिहार (BIHAR) में आज 11 फरवरी को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…

राज्य कर विभाग का छापा

कैमूर। ​बिहार के प्रमुख कपड़ा व्यवसायी लल्लू भाई के व्यावसायिक साम्राज्यों पर बुधवार को राज्य कर विभाग (GST) की टीम ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। कर चोरी की पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने लल्लू भाई मॉल के चार अलग-अलग शहरों में स्थित प्रतिष्ठानों पर एक साथ धावा बोला। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

चोर गिरोह के 7 शातिर गिरफ्तार

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में बढ़ते अपराध और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए मोतिहारी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात संतोष सहनी संगठित चोर गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के सात सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा है। यह कार्रवाई पिपरा कोठी थाना क्षेत्र के वाटगंज इलाके में की गई है।

विधानसभा में शिक्षा बजट पर घमासान

पटना। ​बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान आज शिक्षा विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के समय सदन में भारी गहमागहमी देखने को मिली। सरकार द्वारा दिए गए जवाबों से असंतुष्ट होकर विपक्षी दलों ने सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। विपक्ष का आरोप है कि सरकार शिक्षक बहाली की प्रक्रिया और रिक्तियों की संख्या को लेकर सदन को गुमराह कर रही है।

तीन करोड़ की चोरी

नालंदा। जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर गांव में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। महमदपुर पंचायत के पूर्व मुखिया स्वर्गीय अनिल कुमार के बंद घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने करीब 3 करोड़ रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया है।

मामूली विवाद बना खूनी खेल

सासाराम। बिहार के रोहतास जिले में आपसी विवाद के खूनी संघर्ष में तब्दील होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पड़सरा गांव में बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक को दिनदहाड़े गोली मार दी गई। घायल की पहचान काली सिंह के 35 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है।

महिला की संदिग्ध हालत में मौत

सासाराम। रोहतास जिले में बुधवार की अहले सुबह एक विवाहिता की शादी के लगभग 15 वर्ष बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना नोखा थाना क्षेत्र के सिसिरता ओपी अंतर्गत कोरी मानी गांव की है और मृतका की पहचान विपिन चौधरी की लगभग 28 वर्षीय पत्नी पूनम देवी के रूप में हुई है। मृतका को कुल चार बच्चे भी हैं।

अशोक चौधरी ने दी खुली चेतावनी

पटना‌। ​सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सदस्यों ने जनवितरण प्रणाली की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। विपक्ष का आरोप है कि कई क्षेत्रों में कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम, यानी केवल 4 किलो अनाज ही दिया जा रहा है। इस मुद्दे पर सदन में गरमागरम बहस देखने को मिली, जिसके बाद सरकार की ओर से मंत्री अशोक चौधरी ने स्थिति स्पष्ट की।

पुलिस अधिकारी निलंबित

​मुजफ्फरपुर। जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेस कुमार मिश्रा ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीनता के आरोप में एसएसपी ने मनियारी थाने के एक सब-इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है, वहीं मिठनपुरा थानाध्यक्ष के खिलाफ भी निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी

​पटना। राजधानी और दानापुर के न्यायलयों में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बुधवार सुबह एक अज्ञात ईमेल के जरिए परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस सूचना ने प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया।

सड़क हादसे में तीन की मौत

मोतिहारी। जिले में मंगलवार की रात एक भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को गम में बदल दिया। घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ढाका-घोड़ासहन मुख्य पथ पर महादेवा के समीप एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से जा टकराई। इस हृदयविदारक घटना में वाहन सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।