सुरेंद्र जैन, धरसींवा। रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा की हनुमान इस्पात फैक्ट्री में क्रेन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत आदिवासी युवक शिवप्रसाद ध्रुव की होटल में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी ओर इस मामले में मृतक के परिजनों के प्रति फैक्ट्री प्रबंधन के गैरजिम्मेदाराना रवैये को लेकर कांग्रेस ने नाराजगी जताई है।

गिरफ्तार आरोपी

जानकारी के मुताबिक, 9 फरवरी की शाम औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा के फेज-02 स्थित अजय साहू की होटल में कुत्ते को भोजन खिलाने के विवाद को लेकर शिवप्रसाद ध्रुव की हत्या हुई थी।

पुलिस चौकी सिलतरा के प्रभारी राजेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि मृतक शिवप्रसाद धुर्वे, पिता पटवारी प्रसाद धुर्वे (35 वर्ष) निवासी थाड़पथर, पोस्ट खेतगांव, पुष्पराजगढ़, जिला अनुपपुर (मध्यप्रदेश) का निवासी था। वह अपने दोस्तों के साथ खाना खाने होटल गया था। उस समय होटल कर्मचारी पवन सेन एवं सागर साहू भी वहां मौजूद थे।

सागर साहू खाना खाते हुए थाली में खाना छोड़कर होटल के किचन में गया। इसी दौरान शिवप्रसाद धुर्वे ने सागर साहू की थाली का खाना कुत्ते को खिला दिया। इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि होटल कर्मचारी पवन सेन एवं सागर साहू ने शिवप्रसाद धुर्वे को होटल से घसीटते हुए बाहर निकाला और चाकू से उसके सीने में वार कर दिया।

शिवप्रसाद धुर्वे को उसके साथियों द्वारा उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 91/26, धारा 103, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। साथ ही पुलिस ने दोनों आरोपियों पवन कुमार श्रीवास, पिता जयमोहन श्रीवास (35 वर्ष) निवासी चिल्हाड़ी, पचपेड़ी, जिला बिलासपुर, एवं सागर साहू, पिता कन्हैया साहू (24 वर्ष) निवासी ग्राम चरोदा, थाना धरसींवा, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है।

फैक्ट्री प्रबंधन व ठेकेदार के गैरजिम्मेदाराना रवैये पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी

हनुमान इस्पात में कार्यरत शिवप्रसाद ध्रुव की हत्या के बाद उसका शव धरसींवा के चीरघर में 24 घंटे तक रखा रहा। परिवारजनों को दूसरे दिन 10 फरवरी की सुबह 10 बजे सूचना मिली। इसके बाद बिछिया के देवरी से मृतक के ससुराल पक्ष के लोग, पत्नी, बच्चे और अनूपपुर जिले से मृतक के परिजन सिलतरा के लिए रवाना हुए और शाम को धरसींवा चीरघर पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के लिए मृतक का शव रखा था। लेकिन इन 24 घंटों के दौरान जिस फैक्ट्री में वह ठेकेदार के अधीन क्रेन ऑपरेटर का काम करता था, वहां से किसी ने भी उसकी कोई सुध नहीं ली।

मृतक की पत्नी और परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद उन्होंने ठेकेदार को कई बार कॉल किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया।

जब देर रात पीसीसी चीफ दीपक बैज को यह जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल कांग्रेस नेता भावेश बघेल को मृतक के परिजनों से मिलने और जानकारी लेने धरसींवा भेजा, लेकिन तब तक मृतक के परिजन धरसींवा से रवाना हो चुके थे। इसके बाद पीसीसी चीफ दीपक बैज ने मृतक की पत्नी राधाबाई एवं परिवारजनों से बात कर शोक संवेदना व्यक्त की और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ है। इस दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति शिवप्रसाद ठेकेदार एके सिंह के अधीन हनुमान इस्पात में वर्षों से काम कर रहे थे, लेकिन न तो ठेकेदार देखने आए, न कॉल रिसीव किया और न ही कोई मदद की।

कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा फैक्ट्री

फैक्ट्री में काम करने वाले आदिवासी युवक की हत्या और फैक्ट्री प्रबंधन के गैरजिम्मेदाराना रवैये के बाद पीसीसी चीफ के निर्देश पर पिछड़ा वर्ग प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भावेश बघेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष वर्मा बुधवार को जानकारी लेने हनुमान इस्पात पहुंचे। फैक्ट्री में कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिलने पर उन्होंने एचआर के एक कर्मचारी से चर्चा की और वापस रवाना हो गए।