Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (11 फरवरी 2026) की खबरों में दिल्ली में ‘लाडली योजना’ बंद, अब ‘लखपति बिटिया’ की शुरुआत, मॉनसून में दिल्ली के मिंटो ब्रिज पर नहीं भरेगा पानी, दिल्ली में खुले गड्ढे और नाले बने ‘मौत का जाल’?, राहुल गांधी के दावों के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन, पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर: तांत्रिक बाबा कमरुद्दीन गिरफ्तार प्रमुख रहा।

दिल्ली में ‘लाडली योजना’ बंद, अब ‘लखपति बिटिया’ की शुरुआत

दिल्ली सरकार ने बेटियों के लिए बड़ी योजना में बदलाव किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैबिनेट बैठक के बाद ऐलान किया कि 31 मार्च तक “लाडली योजना” को बंद कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर 1 अप्रैल से “दिल्ली लखपति बिटिया योजना” शुरू होगी। इस नई योजना के तहत बेटियों को पहले से अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी। इसका उद्देश्य बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और भविष्य को मजबूत बनाना है।

पढ़े पूरी खबर…..

मॉनसून में दिल्ली के मिंटो ब्रिज पर नहीं भरेगा पानी

मॉनसून के दौरान मिंटो ब्रिज पर पिछले कई सालों से होने वाले गंभीर जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से हल करने के लिए PWD ने ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का मास्टर एक्शन प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत पुरानी दिल्ली के कई क्षेत्रों में पानी की निकासी को बेहतर बनाया जाएगा। इनमें प्रमुख इलाकों में शामिल हैं. अजमेरी गेट, पहाड़गंज, सीता रोड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, जेएलएन मार्ग इन इलाकों में मॉनसून के दौरान जल निकासी का ठीक से प्रबंधन न होने के कारण पानी मिंटो ब्रिज तक पहुँचता है, जिससे बारिश के समय यहां गंभीर जलबंद स्थिति बन जाती है।

पढ़े पूरी खबर…..

दिल्ली में खुले गड्ढे और नाले बने ‘मौत का जाल’?

राजधानी दिल्ली में लापरवाही से जुड़ी घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। कमल ध्यानी की जल निगम के गड्ढे में गिरकर हुई मौत को अभी कुछ दिन ही बीते थे कि अब रोहिणी में एक और युवक की जान खुले नाले में गिरने से चली गई। लगातार हो रही इन घटनाओं ने एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला रोहिणी सेक्टर-32 स्थित महाशक्ति काली मंदिर के पास का है। जानकारी के अनुसार, एक युवक खुले नाले में गिर गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पढ़े पूरी खबर…..

राहुल गांधी के दावों के बाद दिल्ली पुलिस का एक्शन

पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे (General MM Naravane) की आगामी किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित लीक मामले में दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और समाचार मंचों पर ऐसी खबरें सामने आई थीं कि किताब की एक प्री-प्रिंट कॉपी सार्वजनिक रूप से प्रसारित की जा रही है। इन रिपोर्ट्स का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की। इसी कड़ी में प्रकाशक से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि प्री-प्रिंट कॉपी कैसे बाहर पहुंची और किन-किन लोगों को यह अग्रिम रूप से उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित लीक से जुड़े तथ्यों में कितनी सच्चाई है और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही या आपराधिक तत्व शामिल हैं।

पढ़े पूरी खबर…..

पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर: तांत्रिक बाबा कमरुद्दीन गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास एक बंद कार में मिले तीन लोगों के शवों के मामले में बड़ी सफलता पाई है। बुधवार को पुलिस ने तांत्रिक और मौलाना कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। यह इस मामले में पहली गिरफ्तारी है। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर को पीरागढ़ी फ्लाईओवर पर खड़ी एक कार के अंदर रणधीर (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) मृत पाए गए थे। रणधीर ड्राइवर सीट पर और अन्य दो पीछे की सीट पर बैठे हुए थे। जांच में पता चला है कि कमरुद्दीन ने पैसों के लालच में तीनों को जहर दिया और उनकी जान ले ली। पुलिस ने इसे ट्रिपल मर्डर करार दिया है और आरोपी से हत्या के पीछे की पूरी योजना का खुलासा करने के लिए पूछताछ शुरू कर दी है।

पढ़े पूरी खबर…..

कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-

दिल्ली हाई कोर्ट ने महिला को दी अंतरिम जमानत: दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) ने एक महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि छोटे बच्चे के स्वास्थ्य का अधिकार केवल दवा और चिकित्सा तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे मां का स्नेह, स्पर्श और साथ भी उतना ही आवश्यक है। इसी आधार पर अदालत ने धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोपों में जेल में बंद एक महिला को अंतरिम जमानत प्रदान कर दी। कोर्ट ने कहा कि बच्चे के समुचित विकास और मानसिक स्वास्थ्य के लिए मां की मौजूदगी अत्यंत महत्वपूर्ण है, खासकर तब जब बच्चा कम उम्र का हो। (पढ़े पूरी खबर)

AQI सेंटर को लेकर सियासत तेज: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज (Saurabh Bhardwaj) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) पर वायु गुणवत्ता निगरानी को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के हरे-भरे और अपेक्षाकृत कम प्रदूषित खुले इलाकों में नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने का फैसला संदिग्ध है। उनके मुताबिक, इससे वास्तविक प्रदूषण की तस्वीर सामने आने के बजाय औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को बेहतर दिखाने की कोशिश की जा रही है। (पढ़े पूरी खबर)

रिटायर्ड CAG अधिकारी दंपती को 18 दिन रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’: गुड़गांव से साइबर ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर अपराधियों ने खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर एक सेवानिवृत्त कैग (CAG) अधिकारी और उनकी पत्नी को 18 दिनों तक कथित ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखा और मनी लॉन्ड्रिंग के फर्जी आरोप में फंसाने की धमकी देकर 2.13 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित दंपती को वीडियो कॉल और लगातार फोन कॉल के जरिए डराया गया। ठगों ने दावा किया कि उनके नाम से मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज है और गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्हें जांच में सहयोग करना होगा। इसी दौरान उन्हें घर से बाहर न निकलने, किसी से बात न करने और कॉल चालू रखने के निर्देश दिए गए जिसे साइबर अपराधी ‘डिजिटल अरेस्ट’ कह रहे थे। (पढ़े पूरी खबर)

UAE में सेलिना जेटली के भाई हिरासत में मामला: दिल्ली हाईकोर्ट ने बॉलीवुड अभिनेत्री सेलिना जेटली (Celina Jaitly) के भाई मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत कुमार जेटली की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत से जुड़े मामले में केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण सवाल किया है। हाईकोर्ट ने विदेश मंत्रालय से पूछा है कि क्या अदालत की सीधी बातचीत अभिनेत्री के भाई से कराई जा सकती है। कोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने यह जानने की कोशिश की कि क्या विदेश में हिरासत में रखे गए भारतीय नागरिक से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग या अन्य माध्यमों से संपर्क संभव है, ताकि उसकी स्थिति और अधिकारों को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सके। (पढ़े पूरी खबर)

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m