रायपुर। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के बहुप्रतीक्षित चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। 2026-2028 कार्यकाल के लिए होने वाले इस चुनाव में कुल 17 पदों पर 61 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुबह से ही अधिवक्ताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। सबसे ज्यादा नजरें अध्यक्ष पद पर टिकी हैं, जहां 7 दावेदारों के बीच सीधी और कांटे की टक्कर है। वहीं उपाध्यक्ष (वरिष्ठ) पद के लिए 6 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि उपाध्यक्ष (महिला) पद पर 4 उम्मीदवार आमने-सामने हैं। इसके अलावा सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए भी कई उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला रोचक हो गया है। देर शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।

वन मंत्री केदार कश्यप आज करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप आज सुबह 11:00 बजे छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस दौरान वे मीडिया को संबोधित करते हुए वन विभाग की अब तक की उपलब्धियों, चल रहे कार्यों और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी देंगे। प्रेस वार्ता में विभाग की भावी योजनाओं, वन संरक्षण, वृक्षारोपण अभियान, वन्यजीव संरक्षण और अन्य प्रमुख पहलों पर भी चर्चा होने की संभावना है। साथ ही राज्य में पर्यावरण संतुलन और वन संसाधनों के संरक्षण को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं पर भी मंत्री अपनी बात रखेंगे।

ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों का भारत बंद का आह्वान

रायपुर। विभिन्न ट्रेड यूनियनों और किसान संगठनों ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित इस बंद के तहत राजधानी रायपुर में भी प्रदर्शन और सभा का आयोजन किया गया है। सुबह 11 बजे पंडरी स्थित एलआईसी कार्यालय के पास संयुक्त सभा आयोजित होगी, जिसमें कर्मचारी और किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इससे पहले चार नई श्रम संहिताओं के विरोध में कर्मचारी भवन बुढ़ापारा से रैली निकाली गई। 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मंच के बैनर तले यह प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारी निजीकरण, विनिवेश और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) बढ़ाने की नीतियों का विरोध कर रहे हैं। उनका आरोप है कि इन नीतियों से सार्वजनिक उपक्रमों और श्रमिक हितों को नुकसान पहुंच रहा है। आयोजकों ने बड़ी संख्या में श्रमिकों, कर्मचारियों और किसानों से बंद को समर्थन देने की अपील की है। वहीं प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

बिलासपुर में आज से संभाग स्तरीय रोजगार मेला

बिलासपुर। राज्य के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए 12 एवं 13 फरवरी को सवेरे 10 बजे से शाम 4 बजे तक आईटीआई कोनी में संभाग स्तरीय रोजगार मेला का आयोजन किया जा रहा है। 26 निजी कंपनियों द्वारा फायनेंस, एग्रीकल्चर, मैनेजमेंट, मेडिकल व फार्मेसी, सोलर एनर्जी, टेक्सटाईल इंडस्ट्री, सर्विस टेक्निकल, मेनुफैक्चरिंग, सिक्यूरिटी सर्विस, इंश्योरेंस, आटोमोबाईल, ज्वेलेरी जैसे क्षेत्रों में लगभग 4 हजार पदों पर भर्ती की कार्यवाही की जाएगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए रोजगार पंजीयन, ई रोजगार पोर्टल में आवेदक का ऑनलाईन मेला पंजीयन होना अनिवार्य है। इच्छुक आवेदक आधार कार्ड, फोटो, बायोडाटा एवं निर्धारित शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ रोजगार मेले में शामिल हो सकते है। मेले में शामिल होने एवं रिक्त पदों की विस्तृत जानकारी www.erojgar.cg.gov.in एवं छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप से प्राप्त कर सकते हैं।अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कोनी से भी संपर्क किया जा सकता है।

CGPSC प्री परीक्षा 22 फरवरी को, एडमिट कार्ड जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा की तारीख तय कर दी है। प्री परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी। आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड पहले ही जारी कर दिए गए हैं। यह परीक्षा कुल 265 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जा रही है। प्रदेशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों में दो शिफ्ट में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और अपने साथ एडमिट कार्ड तथा वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य रूप से लेकर आएं। परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। प्री परीक्षा के परिणाम के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पात्र घोषित किया जाएगा।

मरीन ड्राइव पर पार्किंग शुल्क वसूली का कांग्रेस ने किया विरोध

रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव पर पार्किंग शुल्क वसूली के विरोध में रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पर बिना पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराए जबरन शुल्क वसूले जाने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महापौर पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘वसूली दीदी’ तक कह दिया। उनका कहा कि तेलीबांधा तालाब आम नागरिकों के लिए विकसित एक सार्वजनिक स्थल है, जहां लोग टहलने और परिवार के साथ समय बिताने आते हैं। ऐसे स्थान को कमाई का जरिया बनाना गलत है। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब वहां व्यवस्थित पार्किंग की कोई सुविधा ही नहीं है, तो शुल्क किस आधार पर वसूला जा रहा है।