बिलासपुर। शहर और ग्रामीण इलाकों में एक बार फिर घरेलू रिश्तों पर शराब भारी पड़ती नजर आई। बीते दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पतियों द्वारा पत्नियों के साथ मारपीट के पांच मामले दर्ज हुए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि सभी घटनाओं में आरोपी पति शराब के नशे में थे। मामूली विवाद से शुरू हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया और पत्नियों को अस्पताल तक पहुंचना पड़ा। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

केस-1: पड़ोसियों के सामने हंगामा, पत्नी के सिर पर डंडे से वार
थाना सिविल लाइन: वंदना विहार मंगला निवासी ममता डहरिया ने शिकायत दर्ज कराई कि 10 फरवरी की रात उसका पति नशे में घर पहुंचा और पड़ोसियों के घर का दरवाजा खटखटाकर हंगामा करने लगा। समझाने पर आरोपी ने गालियां दीं और घर के आंगन में डंडा उठाकर पत्नी के सिर पर वार कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद भी दोबारा हमला किया गया। सिर और हाथ में गंभीर चोट आई। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद महिला को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
केस-2: “बेटी पैदा की है” कहकर मारपीट, गला दबाने की कोशिश
थाना सिविल लाइन: कमला निवास मंगला में रहने वाली लक्ष्मीन पटेल ने बताया कि उसका पति दुर्गेश पटेल शराब के नशे में पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा और “बेटी पैदा की है” कहकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गला दबाने की कोशिश की। सहेली के बीच-बचाव के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
केस-3: शराब पीने से रोका तो डंडे से पीट दिया
थाना सरकंडा : सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली कृतिका शर्मा ने बताया कि उसने पति को शराब पीने से मना किया था। इसी बात को लेकर रात में पति नशे की हालत में घर आया और गाली-गलौज करते हुए डंडे से सिर और पीठ पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में महिला सिम्स अस्पताल पहुंची।
केस-4: खेत में काम कर रही पत्नी पर डंडे से हमला
थाना सीपत : ग्राम कौड़िया निवासी गीत बाई पटेल सुबह खेत में मजदूरी कर रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा और गालियां देने लगा। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे से मारपीट की। महिला के सिर, हाथ और पैरों में चोट आई है।
केस-5: सास ने भड़काया, पति ने की मारपीट
थाना बिल्हा : अमेरी अकबरी निवासी सुष्मा बघेल ने शिकायत में बताया कि प्रेम विवाह के बाद से सास विवाद करती है और पति को भड़काती है। 10 फरवरी की सुबह सास के उकसाने पर पति ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे पीठ, कान, कलाई और पेट में चोट आई।
शराब बना मुख्य कारण
पुलिस के अनुसार चार मामलों में एक बात समान है कि घटना के समय आरोपी पति शराब के नशे में थे। मामूली घरेलू विवाद नशे की हालत में हिंसा में बदल गया। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


